अंबाला। सोहन लाल डी.ए.वी. शिक्षा महाविद्यालय, अम्बाला शहर में तीन दिवसीय कला एवं शिल्प कार्यशाला का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। इस रचनात्मक पहल का भव्य समापन 25 फरवरी 2026 को आयोजित कला प्रदर्शनी के माध्यम से किया गया। कार्यक्रम महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. पूजा के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का आयोजन फाइन आर्ट क्लब की समन्वयक डॉ. निरुपमा कोहली के निर्देशन व क्लब की इंचार्ज डॉ हरप्रीत कौर की देख रेख में किया गया। इस अवसर पर पिडिलाइट फेवीक्रिल विशेषज्ञ श्रीमती आशा वर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहीं। अपने प्रेरणादायक विचार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएं विद्यार्थियों में सृजनात्मक सोच, आत्मविश्वास तथा कला के प्रति संवेदनशीलता को विकसित करती हैं। तीन दिनों तक आयोजित इस कार्यशाला में महाविद्यालय के भावी शिक्षकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। विद्यार्थियों के लिए विभिन्न व्यावहारिक सत्रों का आयोजन किया गया, जिनमें लिप्पण कला, मोजेक कला, कपड़ा चित्रकला तथा अन्य हस्तशिल्प कलाओं का प्रशिक्षण दिया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से छात्रों को अपनी रचनात्मक प्रतिभा को अभिव्यक्त करने तथा नई कलात्मक तकनीकों को सीखने का अवसर प्राप्त हुआ। कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों ने स्वयं हस्तनिर्मित कलाकृतियाँ तैयार कीं, जिनका प्रदर्शन समापन अवसर पर आयोजित प्रदर्शनी में किया गया। प्रदर्शनी में विविध प्रकार की आकर्षक एवं नवाचारी कलाकृतियाँ प्रदर्शित की गईं, जिन्हें उपस्थित सभी शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने सराहा। प्रदर्शनी में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए डॉ. हरप्रीत कौर ने विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनके परिश्रम एवं सृजनात्मक प्रयासों की सराहना की तथा भविष्य में भी कला के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षकगण व गैर-शिक्षक कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी सहयोगियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया और विद्यार्थियों की कलात्मक उपलब्धियों की सराहना की गई।