अंबाला। सनातन धर्म कॉलेज, अंबाला कैंट में विज्ञान दिवस के अवसर पर ब्रेडबोर्ड सर्किट मेकिंग प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में तकनीकी दक्षता, व्यावहारिक ज्ञान एवं नवाचार की भावना को विकसित करना था। छात्र-छात्राओं ने इस प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने तकनीकी कौशल का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों ने टीमों के रूप में ब्रेडबोर्ड पर विभिन्न इलेक्ट्रॉनिक सर्किटों का निर्माण किया। विद्यार्थियों ने एंड गेट, ओर गेट, नॉट गेट, क्लिपर, क्लैम्पर एवं फुल वेव रेक्टिफायर जैसे सर्किट तैयार कर अपनी सैद्धांतिक एवं प्रायोगिक समझ का परिचय दिया। सभी टीमों को निर्धारित समय में सर्किट पूर्ण करने का कार्य दिया गया, जिसका मूल्यांकन सर्किट की शुद्धता, कनेक्शन, आउटपुट एवं समय प्रबंधन के आधार पर किया गया। प्रतियोगिता के परिणामस्वरूप टीम नंबर 1 के खुशी शर्मा एवं नवप्रीत कौर ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं टीम नंबर 3 के हर्ष एवं विनीत ने द्वितीय स्थान हासिल किया, जबकि टीम नंबर 4 के रितेश एवं गौतम ने तृतीय स्थान प्राप्त कर अपनी तकनीकी दक्षता का परिचय दिया। अन्य टीमों ने भी सराहनीय प्रदर्शन किया और प्रतियोगिता को अत्यंत रोचक बनाया। कार्यक्रम का सफल आयोजन गोरिका एवं गरिमा सूदन (को-आॅर्डिनेटर) के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इस अवसर पर डॉ. आरती (एसोसिएशन इंचार्ज एवं विभागाध्यक्ष) की सक्रिय भूमिका रही। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रकार की तकनीकी प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों को सैद्धांतिक ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव प्रदान करती हैं और उन्हें भविष्य की तकनीकी चुनौतियों के लिए तैयार करती हैं। कार्यक्रम को कार्यवाहक प्राचार्या डॉ. अलका शर्मा का संरक्षण एवं मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। उन्होंने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए ऐसे आयोजनों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक बताया। इस अवसर पर कामना एवं अंकुश की भी गरिमामयी उपस्थिति रही, जिन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के अंत में विजेता टीमों को बधाई दी गई तथा सभी प्रतिभागियों को भविष्य में भी इस प्रकार की तकनीकी एवं नवाचार आधारित प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यार्थियों ने इस प्रतियोगिता को अत्यंत ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक एवं अनुभवसमृद्ध बताते हुए आयोजकों का आभार व्यक्त किया।कॉलेज प्रवक्ता डॉ लीना गोयल ने कार्यक्रम के सफल आयोजन पर बधाई दी।
सनातन धर्म कॉलेज में विज्ञान दिवस पर ब्रेडबोर्ड सर्किट मेकिंग प्रतियोगिता



