अंबाला। सोहन लाल डी.ए.वी. शिक्षा महाविद्यालय, अंबाला सिटी में 28 फरवरी 2026 को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस बड़े उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। यह आयोजन महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. पूजा के मार्गदर्शन में तथा विज्ञान क्लब की समन्वयक प्रो. पूजा धीमान की देखरेख में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ उपस्थित शिक्षकों के स्वागत हेतु तुलसी के पौधे भेंट कर किया गया, जो पर्यावरण संरक्षण और भारतीय संस्कृति का प्रतीक है। कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न वैज्ञानिक गतिविधियों एवं प्रस्तुतियों का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने विज्ञान पर विश्वास रखें, अंधविश्वास पर नहीं विषय पर एक जागरूकता स्किट प्रस्तुत की, जिसमें अंधविश्वास के स्थान पर विज्ञान को अपनाने का संदेश दिया गया। इसके अतिरिक्त चुंबकीय क्षेत्र के प्रभाव को प्रयोग द्वारा समझाया गया तथा वायुमंडलीय दाब के प्रभाव का भी व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया, जिससे विद्यार्थियों को विज्ञान के सिद्धांतों की स्पष्ट समझ प्राप्त हुई। कार्यक्रम में विज्ञान हर जगह है विषय पर एक ज्ञानवर्धक डॉक्यूमेंट्री प्रदर्शित की गई, जिसमें दैनिक जीवन में विज्ञान की भूमिका को दशार्या गया। साथ ही महान वैज्ञानिकों के योगदान पर आधारित एक प्रेरणादायक डॉक्यूमेंट्री भी दिखाई गई, जिसने विद्यार्थियों को अनुसंधान और नवाचार के लिए प्रेरित किया। समापन अवसर पर विज्ञान की छात्रा रिधुला द्वारा प्रस्तुत प्रेरणादायक गीत ने वातावरण को उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा से भर दिया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त शिक्षण एवं गैर-शिक्षण स्टाफ की गरिमामयी उपस्थिति रही। अंत में प्रो. पूजा धीमान ने सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया तथा कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी का आभार व्यक्त किया। यह आयोजन विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने की दिशा में एक सार्थक पहल सिद्ध हुआ।