नारायणगढ़। उपमंडल स्तर पर आयोजित समाधान शिविर में एसडीएम शिवजीत भारती ने आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर उनका समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकार की मंशा है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को योजनाओं का लाभ समय पर और पारदर्शी तरीके से मिले। शिविर के दौरान विभिन्न गांवों व वार्डों से आए लोगों ने अपनी-अपनी समस्याएं रखीं। गांव घडौली की सोना देवी पत्नी तेजा राम ने अपने कच्चे मकान को पक्का बनवाने की मांग रखी। गांव लौटों की हरभजन कौर ने बताया कि उसे पिछले दो महीनों से वृद्धावस्था पेंशन नहीं मिली है, जिस पर एसडीएम ने संबंधित विभाग को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। गांव पंजलासा के राकेश कुमार व अन्य ग्रामीणों ने पेयजल आपूर्ति की पुरानी पाइपलाइन बदलवाने का अनुरोध किया। नारायणगढ़ के वार्ड नंबर 9 की रेखा तथा वार्ड नंबर 11 की सुखविंदर कौर ने परिवार पहचान पत्र में आय कम करवाने का अनुरोध किया। गांव भूरेवाला की निर्मला देवी ने वृद्धावस्था पेंशन लगवाने की मांग रखी, जबकि गांव छोटी गणौली के दर्शन सिंह ने बीपीएल राशन कार्ड कटने की समस्या से अवगत कराया। गांव आबुपुर की जसवंती ने शिकायत दी कि उनके परिवार पहचान पत्र में किसी अन्य व्यक्ति का बिजली बिल दर्ज कर दिया गया है, जिसके कारण उनका बीपीएल राशन कार्ड कट गया है। इसी प्रकार गांव हुसैनी के साहिल ने बताया कि अधिक बिजली बिल आने के कारण उनका बीपीएल राशन कार्ड काट दिया गया था। उन्होंने कहा कि बिजली बिल में संशोधन हो चुका है, लेकिन बीपीएल राशन कार्ड अभी तक पुन: जारी नहीं हुआ है। एसडीएम शिवजीत भारती ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी मामलों की जांच कर पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ शीघ्र उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रत्येक पात्र व्यक्ति को योजनाओं का लाभ मिले, इसका विशेष तौर पर अधिकारी/कर्मचारी ध्यान रखें। इस अवसर पर नायब तहसीलदार सुनील कुमार, सीएम विंडो एमिनेंट पर्सन जसविंद्र सिंह बख्तुआ एवं संजीव गुर्जर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। बता दें कि प्रत्येक सप्ताह सोमवार और वीरवार को प्रात: 10 से 12 बजे तक समाधान शिविर आयोजित होता है।
नारायणगढ़ समाधान शिविर में एसडीएम शिवजीत भारती ने दिए त्वरित समाधान के निर्देश



