कैथल, 1 दिसंबर। हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि एचआईवी/एड्स जैसी गंभीर बीमारी से लड़ने के लिए जन-जन में जागरूकता फैलाना आवश्यक है। उन्होंने यह बात विश्व एड्स दिवस के अवसर पर आरकेएसडी पब्लिक स्कूल में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में बताई। मंत्री ने कार्यक्रम से पहले स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया और दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की।
आरती सिंह राव ने बताया कि प्रदेश में 104 आईसीटीसी केंद्र, 24 एआरटी केंद्र, पांच एफआईएआरटी और चार लिंक एआरटी केंद्र संचालित हैं। एचआईवी संक्रमितों को निशुल्क दवाइयां, अल्ट्रासाउंड, एमआरआई, सीटी स्कैन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। दिसंबर 2021 से वित्तीय सहायता और कानूनी सहायता भी प्रदान की जा रही है।
उन्होंने नागरिकों, विशेषकर गर्भवती महिलाओं से एचआईवी जांच करवाने और जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। मंत्री ने कहा कि सामुदायिक भागीदारी और जागरूकता ही सफलता की कुंजी है। कार्यक्रम में विधायक सतपाल जांबा, पूर्व विधायक, अधिकारी और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। बच्चों और युवाओं ने नाट्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से संदेश फैलाया।