हरियाणा गर्व पीडब्ल्यूडी मैकेनिकल वर्कर्ज यूनियन (रजि. नं. 41) मुख्यालय चरखी दादरी, संबंधित सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा की अगुवाई में अंबाला छावनी पब्लिक हैल्थ अधीक्षक अभियंता बीएंडआर और सिंचाई विभाग के कार्यालय पर सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ एक जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला प्रधान देवराज व सुरेंद्र ने की जबकि मंच संचालन प्रेम प्रकाश ने किया। इस अवसर पर अधीक्षक अभियंता के माध्यम से प्रमुख अभियंता को मांगपत्र सौंपा गया। प्रदर्शन का मुख्य उद्देश्य सरकार द्वारा लागू की जा रही रेशनेलाईजेशन नीति का विरोध रहा। यूनियन के राज्य कोषाध्यक्ष राहुल हुड्डा ने कहा कि सरकार की रेशनेलाईजेशन रिपोर्ट कर्मचारियों व बेरोजगार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ है क्योंकि इसके जरिए लगातार पद समाप्त किए जा रहे हैं। इससे न केवल वर्तमान कर्मचारियों का भविष्य अंधकारमय होगा बल्कि युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी पूरी तरह खत्म हो जाएंगे। विन्द्र शर्मा राज्य आफिस सैक्टरी ने सरकार से मांग की कि रेशनेलाईजेशन रिपोर्ट को तुरंत रद्द किया जाए, सभी कच्चे कर्मचारियों को पक्का किया जाए, निजीकरण की नीतियों पर रोक लगाई जाए, खाली पदों पर स्थायी भर्ती की जाए, पुरानी पेंशन स्कीम बहाल की जाए, मेडिकल कैशलेस सुविधा लागू की जाए तथा एक्सग्रेशिया योजना में लगाई गई सभी शर्तों को वापस लिया जाए। उन्होंने घोषणा की कि इन मांगों को लेकर यूनियन द्वारा 18 से 20 अगस्त तक प्रदेशभर में अधीक्षक अभियंता (बी एंड आर, पीएच, इरीगेशन) के माध्यम से एसीएस और ईआईसी को ज्ञापन सौंपे जाएंगे। इसके बाद 6 सितंबर को सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी को ज्ञापन सौंपते हुए बड़ा प्रदर्शन होगा और 13 सितंबर को मंत्री रणबीर गंगवा के आवास पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि सरकार ने अपनी नीतियों को वापस नहीं लिया तो यूनियन राज्यव्यापी बड़े आंदोलन का आह्वान करेगी।इस अवसर पर नरेन्द्र,देवेन्द्र ,रणजीत, सुरेंद्र, संदीप मेहता, रामकुमार यादव,हरदीप, माया राम, मनदीप, दिनेश सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।
कर्मचारियों ने सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ एक जोरदार विरोध प्रदर्शन कर, सौंपा मांग पत्र



