अंबाला। श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक, अंबाला शहर में आयोजित तीन दिवसीय वार्षिक एथलेटिक्स मीट का समापन समारोह आज संस्थान के स्वामी विवेकानंद हॉस्टल परिसर में हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समापन समारोह की मुख्य अतिथि उत्तम, आईपीएस, सहायक पुलिस अधीक्षक, अंबाला रहीं, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान के प्राचार्य डॉ. अदीश बिंदल ने की । विशिष्ट अतिथि मुनीश गुप्ता रहे । मुख्य अतिथि उत्तम ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं टीम भावना का विकास करते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा खेलों को जीवन का अभिन्न अंग बताया। प्राचार्य डॉ. अदीश बिंदल ने कहा कि ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा मिलता है। तीन दिनों तक चली इस एथलेटिक्स मीट के दौरान 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर, 800 मीटर एवं 1600 मीटर दौड़, 4़100 मीटर रिले दौड़, लंबी कूद, तिहरी कूद, ऊँची कूद, गोला फेंक एवं चक्का फेंक सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। लॉन्ग जंप प्रतियोगिता में बालक वर्ग में आशीष (मैकेनिकल) ने प्रथम, जशन लखवाल (सिविल) ने द्वितीय तथा विशाल (सिविल) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं बालिका वर्ग की लॉन्ग जंप प्रतियोगिता में विजय ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। 800 मीटर दौड़ में बालक वर्ग में मंटू (प्लास्टिक) प्रथम, मोहित कुमार (आॅटोमोबाइल) द्वितीय एवं कार्तिक (आॅटोमोबाइल) तृतीय स्थान पर रहे, जबकि बालिका वर्ग में 800 मीटर दौड़ में भी विजय ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।लड़कियों के वर्ग में बेस्ट एथलीट का खिताब नेहा व लड़को में बेस्ट एथलीट आशीष रहे । रिले दोड़ में संस्थान के स्टाफ मोहित नरवाल और विजेंद्र राणा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया । म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता में में डॉ. सरिता मान ने विजेता बनकर प्रथम स्थान प्राप्त किया, जिससे कार्यक्रम का माहौल और भी उत्साहपूर्ण हो गया। समापन समारोह के दौरान मुख्य अतिथि एवं प्राचार्य द्वारा सभी विजेता खिलाड़ियों एवं प्रतियोगिताओं के प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। मंच संचालन प्रीतपाल कौर व स्वरूप कौर द्वारा किया गया । इस अवसर पर संस्थान के प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट अधिकारी मेजर जगजीत सिंह नारंग, विभागाध्यक्ष रविन्द्र साईं, सुनील राय, पूनम सैनी, वीरेंद्र गुप्ता , खेल प्रभारी पंकज गर्ग, हॉस्टल अधीक्षक संजीव कुमार, विभागाध्यक्ष डॉ. इंद्रजीत ढींडसा एवं डॉ. सुनीता रानी, कुलबीर लठवाल, खेल सचिव राहुल सिंह, प्रीतपाल कौर सहित अनेक शिक्षकगण एवं प्रतिभागी विद्यार्थी उपस्थित रहे।