अंबाला। सनातन धर्म कॉलेज, अंबाला कैंट के वाणिज्य संघ द्वारा शब्दों का शतरंज 2.0 शीर्षक से एक रोचक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह प्रतियोगिता प्रारंभिक (प्रीलिम्स) चरण के रूप में आयोजित की गई, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस क्विज प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों के सामान्य ज्ञान, तर्कशक्ति, शब्द ज्ञान एवं विषय संबंधी समझ को परखना तथा उन्हें प्रतिस्पर्धात्मक वातावरण के लिए तैयार करना था। प्रतियोगिता में विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए अपनी बौद्धिक क्षमता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया प्रीलिम्स राउंड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली चयनित टीमें अब क्विज के अंतिम चरण (फाइनल राउंड) में प्रतिभाग करेंगी। फाइनल राउंड में विजेता टीमों को सम्मानित किया जाएगा। कॉलेज की प्राचार्या डॉ. अल्का शर्मा ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि ऐसी शैक्षणिक एवं बौद्धिक गतिविधियाँ विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, विश्लेषणात्मक सोच एवं टीमवर्क की भावना को विकसित करती हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए कहा कि प्रतियोगिता में भाग लेना ही सफलता की पहली सीढ़ी है और निरंतर प्रयास से ही उत्कृष्टता प्राप्त होती है। डॉ. दीपक मनोचा ने क्विज का समन्वयन किया तथा अंतिम चरण के लिए टीमों का चयन किया। कार्यक्रम के दौरान वाणिज्य संघ की संयोजिका डॉ. हीना अपने अन्य संकाय सदस्यों—डॉ. छवि किरण, डॉ. नैन्सी, प्रीति गुप्ता, भाविषा, अविनाश, स्वीकृति, कमलेश कौर एवं भाव्या गांधी—के साथ उपस्थित रहीं तथा उन सभी ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ तथा विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।कॉलेज प्रवक्ता डॉ लीना गोयल ने कार्यक्रम के सफल आयोजन पर बधाई दी।