अंबाला। सनातन धर्म महाविद्यालय के वाणिज्य एवं प्रबंधन विभाग तथा कंप्यूटर साइंस विभाग द्वारा दिनांक 20-12-2025 को बेहतर निर्णय लेने के लिये बिजनेस एनालिटिक्स का उपयोग विषय पर एक दिवसीय राष्ट्रीय सेमिनार का आयोजन किया गया। सेमिनार का आयोजन उच्च शिक्षा निदेशालय, हरियाणा के सहयोग से आॅनलाइन माध्यम से किया गया। इस सेमिनार में देश के विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों से 100 से अधिक शिक्षाविदों, शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों ने सहभागिता की। उद्घाटन सत्र के दौरान मंच संचालन डॉ. छवि किरण द्वारा किया गया। उद्घाटन सत्र के दौरान कॉलेज की प्राचार्या डॉ. अल्का शर्मा ने मुख्य अतिथि एवं सभी प्रतिभागियों का अभिनंदन करते हुए कहा की इस तरह के सेमिनार का उद्देश्य शिक्षाविदों, शोधकतार्ओं एवं उद्योग जगत के विशेषज्ञों को एक साँझा मंच प्रदान करना है जहाँ पर वे सभी विचारों का आदान प्रदान कर सकें। तत्पश्चात वाणिज्य एवं प्रबंधन विभाग के अध्यक्ष डॉ. सतबीर सिंह ने सेमिनार की थीम प्रस्तुत करते हुए व्यवसायिक निर्णयों में बिजनेस एनालिटिक्स की बढ़ती भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि आज के प्रतिस्पर्धी और डेटा-प्रधान परिवेश में बिजनेस एनालिटिक्स संगठनों को सटीक एवं प्रभावी निर्णय लेने में सक्षम बनाता है। इसके बाद डॉ. छवि किरण ने मुख्य अतिथि डॉ. तेजिंदर शर्मा, प्रोफेसर, वाणिज्य विभाग, कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय, कुरुक्षेत्र का परिचय कराया। डॉ. तेजिंदर शर्मा ने डेटा कलेक्शन एंड डेटा मैनेजमेंट विषय पर अपने विचार साझा करते हुए बताया कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस किस प्रकार वाणिज्य, बैंकिंग , शिक्षा एवं अन्य क्षेत्रों में नवाचार और दक्षता को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने विभिन्न उधारणों के माध्यम से डेटा मैनेजमेंट के महत्व को स्पष्ट किया। उद्घाटन सत्र के अंत में डॉ मोहित बिंदलिश ने मुख्य अतिथि का धन्यवाद किया। प्रथम तकनीकी सत्र में मंच संचालन डॉ. अमनदीप कौर मेहता ने किया। उन्होंने इस सत्र की मुख्य वक्ता डॉ. पूजा गोयल, प्रोफेसर, वाणिज्य विभाग, दिल्ली स्कूल आॅफ इकोनॉमिक्स, दिल्ली विश्वविद्यालय का परिचय दिया। डॉ. पूजा गोयल ने डिजिटल मार्केटिंग टूल्स पर अपने विचार प्रस्तुत किए तथा कुछ प्रतिभागियों ने अपने शोध पत्र भी प्रस्तुत किए। द्वितीय तकनीकी सत्र के दौरान मंच संचालन डॉ. हीना ने किया। डॉ हिना ने इस सत्र के मुख्य वक्ता डॉ. हरप्रीत सिंह बेदी, प्रोफेसर, मित्तल स्कूल आॅफ बिजनेस, लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी का स्वागत किया। सुश्री कवलीन भारेज ने डॉ हरप्रीत सिंह बेदी का परिचय दिया। डॉ. हरप्रीत सिंह बेदी ने विषय पर व्याख्यान दिया, जिसके पश्चात प्रतिभागियों ने अपने शोध पत्र प्रस्तुत किए। समापन (वेलिडिक्टरी) सत्र में डॉ. प्रियंका सलगोत्रा, प्रोफेसर, एमएमआईएम, मुल्लाना ने संसाधन व्यक्ति के रूप में अपने विचार साझा किए। डॉ. रेनू शर्मा ने सेमिनार रिपोर्ट प्रस्तुत की। कार्यक्रम के अंत में डॉ. गिरधर गोपाल ने उपस्थित सभी वक्ताओं एवं प्रतिभागियों का धन्यवाद किया तथा प्राचार्या डॉ. अल्का शर्मा ने सेमिनार के सफल आयोजन के लिए पूरी आयोजन टीम को बधाई दी। सेमिनार को सफल बनाने में डॉ. अनीता बिंदल, डॉ आरती, डॉ. हरविंदर सिंह, डॉ. मोनिका शर्मा, सुश्री शिवानी, सुश्री प्रीति, सुश्री भविशा, डॉ पूजा शर्मा, सुश्री चेतना एवं सुश्री मुस्कान अग्रवाल सहित अनेक सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
सनातन धर्म महाविद्यालय अंबाला में बिजनेस एनालिटिक्स पर एक दिवसीय राष्ट्रीय सेमिनार संपन्न



