सनातन धर्मा कॉलेज, अंबाला छावनी के करियर गाइडेंस एवं प्लेसमेंट सेल द्वारा विद्यार्थियों की रचनात्मकता और तकनीकी कौशल को बढ़ावा देने हेतु कैनवा पर ब्रॉशर बनाने विषय पर एक विशेष सत्र का आयोजन किया गया। इस सत्र का उद्देश्य विद्यार्थियों को डिजिटल डिजाइनिंग टूल कैनवा के प्रयोग से प्रोफेशनल एवं आकर्षक ब्रॉशर तैयार करने की विधि से अवगत कराना था। इस अवसर पर संसाधन व्यक्ति के रूप में मुस्कान अग्रवाल ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने कैनवा प्लेटफॉर्म की विशेषताओं, डिजाइनिंग के मूल सिद्धांतों, टेम्पलेट्स के उपयोग, रंग संयोजन, टाइपोग्राफी तथा चित्रों के प्रभावी चयन पर विस्तृत जानकारी दी। साथ ही, लाइव डेमोंस्ट्रेशन के माध्यम से विद्यार्थियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया। सत्र के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और स्वयं ब्रॉशर बनाकर रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। प्रतिभागियों ने इस कार्यशाला को अत्यंत उपयोगी और रोचक अनुभव बताया। कॉलेज की प्राचार्या डॉ. अल्का शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि डिजिटल टूल्स का ज्ञान आज के युग की आवश्यकता है और कैनवा जैसे प्लेटफॉर्म विद्यार्थियों को नए अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को इस प्रकार की गतिविधियों से अधिक से अधिक सीखने और रचनात्मक कौशल विकसित करने का संदेश दिया। करियर गाइडेंस एवं प्लेसमेंट सेल की संयोजक डॉ. छवि किरण ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि ब्रॉशर केवल एक डिजाइन नहीं, बल्कि यह आपके विचारों और संदेश को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने का साधन है। हर विद्यार्थी को ऐसे प्लेटफॉर्म का उपयोग करके अपने कौशलों को निखारना चाहिए।