अंबाला। डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल अंबाला शहर में 26 जनवरी को कक्षा बारहवीं के विद्यार्थियों के लिए विदाई समारोह आशीर्वाद का आयोजन अत्यंत गरिमामय, आध्यात्मिक और भावनात्मक वातावरण में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय परिसर में आयोजित हवन यज्ञ एवं वेद मंत्रों की पवित्र गूँज के साथ हुआ, जिसमें विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य और सफलता के लिए सामूहिक प्रार्थना की गई। इसके पश्चात विद्यार्थियों पर पुष्प-वर्षा कर उन्हें आशीर्वाद प्रदान किया गया, जिसने पूरे वातावरण को स्नेह और शुभकामनाओं से सराबोर कर दिया। इस विशेष दिन की शुरूआत प्रात:काल गणतंत्र दिवस के अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य डॉ. राधा रमण सूरी द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुई। देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत इस अवसर पर विद्यार्थियों एवं स्टाफ सदस्यों ने राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का संकल्प लिया। चूँकि 25 जनवरी राष्ट्रीय मतदाता दिवस रविवार को पड़ा था, अत: विद्यालय परिवार द्वारा लोकतंत्र के प्रति जागरूकता दशार्ते हुए मतदाता शपथ भी ली गई, जिससे विद्यार्थियों को अपने संवैधानिक दायित्वों का महत्व समझाया गया। विदाई समारोह के सांस्कृतिक कार्यक्रमों में कक्षा 12 के विद्यार्थियों ने मनमोहक प्रस्तुतियाँ दीं। गीत, नृत्य और भावपूर्ण प्रस्तुतियों ने दर्शकों की आँखें नम कर दीं। हर प्रस्तुति में अपने विद्यालय के प्रति प्रेम, साथ बिताए वर्षों की स्मृतियाँ और भविष्य की अनिश्चित राहों की भावनाएँ झलक रही थीं। मास्टर एंड मिस डी.ए.वी. कॉन्टेस्ट के परिणामों की घोषणा भी इस अवसर पर की गई, जिसने समारोह में उत्साह और उल्लास की नई लहर भर दी। कक्षा 12वीं (नॉन-मेडिकल) के हर्षित को मिस्टर डी.ए.वी. तथा 12वीं कॉमर्स की मुस्कान सिंह को मिस डी.ए.वी. के खिताब से सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त विभिन्न संकायों में मिस्टर व मिस पर्सनैलिटी के खिताब भी प्रदान किए गए। आर्ट्स विभाग से यागविंदर को मिस्टर पर्सनैलिटी तथा वंशिका को मिस पर्सनैलिटी चुना गया। कॉमर्स संकाय से रचित और आकृति को क्रमश: मिस्टर व मिस पर्सनैलिटी घोषित किया गया, जबकि साइंस स्ट्रीम से दलजीत एवं मिस्टी को मिस्टर व मिस पर्सनैलिटी के खिताब से नवाजा गया। इन उपलब्धियों ने विद्यार्थियों के आत्मविश्वास और प्रतिभा को नई पहचान दी। विद्यालय के हेड बॉय-हेड गर्ल द्वारा पूरी कक्षा 12 का स्वागत किया गया। हेड गर्ल मुस्कान एवं हेड बॉय वैभव जिंदल ने अपने धन्यवाद भाषण में विद्यालय प्रबंधन, प्राचार्य, शिक्षकगण और अभिभावकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि संस्कारों की प्रयोगशाला है, जहाँ से उन्हें जीवन के हर मोड़ पर सही दिशा मिली। प्राचार्य डॉ. राधा रमण सूरी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि ह्लजीवन की परीक्षा केवल बोर्ड की परीक्षा तक सीमित नहीं होती, असली परीक्षा तो जीवन स्वयं लेता है। आप सभी अपने मूल्यों, ईमानदारी और परिश्रम को अपना मार्गदर्शक बनाए रखें।ह्व उनके प्रेरणादायी शब्दों ने विद्यार्थियों को आत्मविश्वास से भर दिया। समारोह का समापन शुभकामनाओं और आशीर्वचनों के साथ हुआ। आशीर्वाद कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि विदाई अंत नहीं, बल्कि एक नए, उज्ज्वल और जिम्मेदार भविष्य की शुरूआत है। विद्यालय परिवार ने कामना की कि कक्षा 12 के सभी विद्यार्थी जीवन के हर क्षेत्र में सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित करें और समाज व राष्ट्र का नाम रोशन करें।
डीएवी स्कूल में कक्षा 12 के विद्यार्थियों का आशीर्वाद समारोह



