*जगह जगह से धंसी शहर के मुख्य बाजार की सडक,वाहन चालक हो रहे चोटिल*
एनएचएआई ओर पीडब्ल्यूडी विभाग की आपसी खींचतान के चलते शहर के मुख्य बाजार रेलवे रोड का निर्माण कार्य पिछले दो वर्षो से लटका हुआ है। शहर के मैन बाजार की सडक एक बार फिर जगह जगह धंस चुकी है जिससे वाहन चालक गिरकर चोटिल हो रहे है। उल्लेखनीय है कि एनएचएआई द्वारा करीब दो साल पहले सन 2023 में जीटी रोड की सर्विस रोड के पानी निकासी को लेकर शहर के मुख्य बाजार रेलवे रोड पर पुराना बस अड्डा से लेकर रेलवे-स्टेशन तक पाइप लाइन बिछाई गई थी। उस समय एनएचएआई द्वारा रेलवे रोड का निर्माण न करवा कर मात्र एक मीटर का पेच लगाकर छोड दिया। जिससे कई बार जगह जगह पर सड़क धसने लग गई थी। दुकानदारो का आरोप है कि एनएचएआई ठेकेदार ने पाइप लाइन बिछाने का काम जिम्मेदारी से नहीं किया जिसके कारण सड़क बार बार धस जाती है। वार्ड नंबर 11 की पार्षद प्रतिनिधि विपिन छाबड़ा,समाजसेवी पवन बेनीवाल,जोगिंदर खुराना,जय प्रकाश धीमान, रघुबीर जांगड़ा, सुभाष धीमान, जगतार सिंह बिल्ला आदि ने इसे अधिकारियो की लापरवाही बताया है। अगर समय रहते अधिकारी अपनी जिम्मेदारी समझ कर काम की जांच करते तो आज लोगों को परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ता।
रेलवे रोड के निर्माण को लेकर पीडब्ल्यूडी एसडीओ शैलेन्द्र भाटिया का कहना है की नेशनल हाईवे की तरफ से 2023 में पानी निकासी के लिए पाइप लाइन डाली गई थी।उन्होंने एक मीटर का पेंच बनाकर काम बंद कर दिया। जबकि नेशनल हाईवे के अधिकारियों को रेलवे रोड की 7 मीटर चौड़ाई की सड़क बनाकर देनी थी, जबकि उन्होंने कुल एक मीटर का पेंच लगा दिया है। इस लिए सड़क को अभी तक हैंडओवर नहीं लिया गया है। एसडीओ ने कहा अगर नेशनल हाईवे के अधिकारी रेलवे रोड को नहीं बनवाना चाहते तो वह 7 मीटर चौड़ाई के पैसे उनके विभाग को दे ताकि रेलवे रोड का निर्माण कार्य करवा सकें। वही दूसरी तरफ नेशनल हाईवे अधिकारी की माने तो उन्होंने रेलवे रोड पर सर्विस रोड के पानी निकासी के लिए पाइप लाइन बिछाई थी। उसके ऊपर एक मीटर का पेंच 2024 में बनवा दिया था। उनकी तरफ से 7 मीटर की सड़क नहीं बनवाई जा सकती है। सड़क को हैंडओवर लेने के लिए उनकी तरफ से कई बार पत्राचार किया जा चुका है। समालखा एसडीएम ने सड़क धंसने को लेकर कहा कि सड़क को ठीक करने के लिए सम्बंधित विभाग को कहा हुआ है। जल्द ही इसकी मुरम्मत करवा दी जाएगी।




