अंबाला। अम्बाला छावनी स्थित सनातन धर्म महाविद्यालय की मैथमेटिक्स एसोसिएशन द्वारा पाई डे (अंतर्राष्ट्रीय गणित दिवस) के उपलक्ष्य में रोचक एवं ज्ञानवर्धक प्रतियोगिता मैथ्स ड्रिफ्ट का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में गणित के प्रति रुचि बढ़ाना, उनकी तार्किक क्षमता का विकास करना तथा गणितीय अवधारणाओं को रोचक तरीके से समझने के लिए प्रेरित करना था। प्रतियोगिता में कुल 47 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और त्वरित गणितीय प्रश्नों का समाधान कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में हिमांक ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि मुस्कान, आयुषी और साहिल ने संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान प्राप्त कर सराहनीय प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का संचालन मैथ्स ड्रिफ्ट की संयोजक बबीता बिष्ट के मार्गदर्शन में किया गया तथा यशप्रीत कौर ने समन्वयक के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अवसर पर गणित विभागाध्यक्ष डॉ. रजनी गुप्ता के साथ-साथ डॉ. हिमांशी, राशि बत्रा एवं सुश्री आशुका भी उपस्थित रहीं और विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। डॉ. रजनी गुप्ता (विभागाध्यक्ष) ने कहा कि गणित केवल एक विषय नहीं बल्कि तार्किक सोच और समस्या समाधान की कला है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ गणित को रोचक और व्यावहारिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। बबीता बिष्ट (मैथ्स ड्रिफ्ट संयोजक) ने कहा कि पाई डे के अवसर पर आयोजित इस प्रकार की गतिविधियाँ विद्यार्थियों को गणित के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रेरित करती हैं और उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच प्रदान करती हैं। महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. अल्का शर्मा ने विद्यार्थियों के उत्साह और सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शैक्षणिक कार्यक्रम विद्यार्थियों की बौद्धिक क्षमता को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कॉलेज प्रवक्ता डॉक्टर लीना गोयल ने सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दी।