नारायणगढ़। उपमंडल स्तर पर आयोजित समाधान शिविर में नायब तहसीलदार सुनील कुमार ने क्षेत्र के लोगों की समस्याएं सुनी और संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनका शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर सीएम विंडो एमिनेंट पर्सन जसवीन्द्र सिंह बख्तुआ तथा सहायक अधीक्षक अश्वनी शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। नायब तहसीलदार सुनील कुमार ने कहा कि समाधान शिविरों का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं को एक ही स्थान पर सुनकर उनका त्वरित समाधान करना है। उन्होंने निर्देश दिये कि लोगों की शिकायतों/समस्याओं का संबंधित विभागों के अधिकारियों द्वारा शीघ्र व पारदर्शी तरीके से निपटारा किया जाए ताकि नागरिकों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। समाधान शिविर में क्षेत्र के लोगों ने पेंशन, बिजली बिल, परिवार पहचान पत्र, बीपीएल राशन कार्ड सहित अन्य समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। नारायणगढ़ के वार्ड 5 की रीटा रानी, गांव पंजलासा के धर्मपाल, गांव दूधली की दर्शनी तथा बड़ागांव की उषा रानी ने वृद्धावस्था पेंशन लगवाने का अनुरोध किया। गांव पुलेवाला के विनोद कुमार ने बिजली बिल अधिक आने की समस्या रखी। गांव सुरगल के इबकाल सिंह ने परिवार पहचान पत्र में गलत बिजली कनेक्शन दर्ज होने व आय ठीक करवाने की मांग की। गांव बीबीपुर के अमन कुमार ने शिकायत करते हुए बताया कि गांव का पानी उसकी गेहूं की फसल में आने से फसल खराब हो गई है, जिस पर उसने समस्या के समाधान की मांग की। नारायणगढ़ के वार्ड 6 की दया रानी तथा शिव कॉलोनी के बलजीत सिंह ने वृद्धावस्था पेंशन नहीं मिलने की शिकायत दी। गांव जंगूमाजरा की अनिता ने परिवार पहचान पत्र में बिजली बिल गलत दर्ज होने के कारण बीपीएल कार्ड कटने की समस्या रखी। शहजादपुर की रचनी देवी ने सरकार की योजना के अनुसार बिजली बिल माफ करवाने का अनुरोध किया, जबकि शहजादपुर के धर्मपाल ने पट्टी शामलात भूमि से सफेदों के पेड़ काटने की शिकायत दी। गांव छोटी बस्सी के चमन लाल ने पंचायत भूमि से सफेदों के बड़े पेड़ों को कटवाने की मांग करते हुए कहा कि ये पेड़ उसके घर की दीवार के पास खड़े हैं और कभी भी नुकसान पहुंचा सकते हैं। गांव कल्याणा के संदीप ने परिवार पहचान पत्र में अधिक जमीन दर्ज होने के कारण बीपीएल राशन कार्ड कटने की समस्या रखते हुए इसे ठीक करवाने की मांग की। वहीं गांव फिरोजपुर के शुभम ने परिवार पहचान पत्र में गैर पारिवारिक सदस्य के जुड़े होने की शिकायत करते हुए उसे फैमिली आईडी से हटाने की मांग की। नायब तहसीलदार सुनील कुमार ने सभी शिकायतों को संबंधित विभागों को मार्क करते हुए अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए।