इनर व्हील क्लब न्यू जैन अंबाला उत्कर्ष द्वारा अक्षय ऊर्जा सप्ताह के अंतर्गत 27 अगस्त 2025 को सनातन धर्म कॉलेज, अंबाला छावनी में स्लोगन राइटिंग प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में अक्षय ऊर्जा, स्वच्छ पर्यावरण और सतत विकास के प्रति जागरूकता फैलाना था। कुल 21 विद्यार्थियों ने इसमें भाग लेकर अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। कॉलेज की प्राचार्या डॉ. अलका शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि अक्षय ऊर्जा का उपयोग समय की आवश्यकता है और हमें न केवल स्वयं इसे अपनाना चाहिए बल्कि समाज को भी इसके लिए प्रेरित करना चाहिए। उन्होंने प्रतिभागियों को आगे भी ऐसे कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहित किया। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने ऊर्जा संरक्षण, स्वच्छता और हरित जीवनशैली को बढ़ावा देने वाले प्रभावशाली स्लोगन प्रस्तुत किए। इन नारों ने यह संदेश दिया कि नवीकरणीय ऊर्जा ही भविष्य की सच्ची शक्ति है और पर्यावरण संरक्षण का सशक्त साधन भी। कार्यक्रम की संयोजिका डॉ. नैन्सी चोपड़ा (टीचर इंचार्ज, आईडब्लूयसी) ने बताया कि विद्यार्थियों के उत्साह और रचनात्मकता ने प्रतियोगिता को सार्थक बना दिया। निर्णायक मंडल में डॉ. रेनू शर्मा, सुश्री कवलीन भारेज और डॉ. छवि किरण शामिल रहे, जिन्होंने प्रतिभागियों के स्लोगन का मूल्यांकन किया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हर्षित (बीबीए तृतीय वर्ष), द्वितीय स्थान पलक भसीन (बीए पॉलिटीकल साइस तृतीय वर्ष), तृतीय स्थान स्नेहा (बीबीए तृतीय वर्ष) तथा चतुर्थ स्थान निकिता (बीबीए तृतीय वर्ष) ने प्राप्त किया।
सनातन धर्म कॉलेज अंबाला छावनी में स्लोगन राइटिंग प्रतियोगिता का आयोजन



