अंबाला शहर, 20 अगस्त। पुलिस डीएवी पब्लिक स्कूल, अंबाला शहर में आज “हरित महोत्सव – 2025” का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर ह्यूमन फाउंडेशन के सहयोग से विद्यालय परिसर में स्मृतिवन की स्थापना की गई।
स्मृतिवन का उद्घाटन बारहवीं कक्षा (कॉमर्स) में 98.4% अंक प्राप्त कर विद्यालय में टॉप करने वाले छात्र साहिल द्वारा मोरपंख का पौधा लगाकर किया गया।
कार्यक्रम में ह्यूमन फाउंडेशन के सदस्यगण श्री सुनील अरोड़ा, प्रोफेसर गरिमा जैन, प्रोफेसर दीक्षा और श्री राजेंद्र वशिष्ठ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कक्षा आठवीं के तीनों छात्र लीडर्स – पौधशाला, ऑक्सी ब्रिगेडियर और स्मृतिवन को तिलक व बैज लगाकर सम्मानित किया और प्रोत्साहित किया।
विद्यालय के प्राचार्य डॉ. विकास कोहली ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि आने वाले वर्षों में हर उस विद्यार्थी को यह अवसर मिलेगा, जो बारहवीं में सर्वश्रेष्ठ अंक हासिल करेगा। उस छात्र के नाम पर स्मृतिवन में पौधा लगाया जाएगा।
उन्होंने पौधारोपण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पेड़ कार्बन डाइऑक्साइड को अवशोषित कर ऑक्सीजन छोड़ते हैं, जल संचयन में सहायक होते हैं, मिट्टी को स्थिर करते हैं और पर्यावरण संरक्षण में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।



