कैथल, 30 नवंबर। जिला स्तरीय गीता जयंती महोत्सव के तहत रविवार को नगर में भव्य सद्भावना यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। पालकी पर सजी श्रीमद्भगवद्गीता यात्रा का मुख्य आकर्षण रही और नगरवासियों ने श्रद्धा के साथ नमन किया। जिला परिषद चेयरमैन कर्मबीर कौल और हैफेड के पूर्व चेयरमैन कैलाश भगत ने सूरजकुंड माता गेट से यात्रा को झंडी दिखाकर रवाना किया। यात्रा में धार्मिक संस्थाओं और विभिन्न सरकारी विभागों की झांकियां शामिल रहीं, जिन्होंने आध्यात्मिक संदेशों के साथ जनकल्याण योजनाओं की जानकारी भी दी। 151 महिलाओं ने सिर पर कलश रखकर नगर कीर्तन किया, जबकि बच्चों ने गीता उपदेशों पर आधारित संदेशों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। भव्य बैंड और पुष्प वर्षा ने शोभायात्रा को और आकर्षक बना दिया। संत महात्माओं ने रथों पर सवार होकर गीता संदेश दिया, वहीं सामाजिक संस्थाओं ने प्रसाद और सेवा गतिविधियों से कार्यक्रम को सफल बनाया। तीन दिवसीय महोत्सव में कई संस्थाओं का सहयोग रहा और नगर गीता संदेश से सराबोर हो उठा।