उपायुक्त प्रीति ने शुक्रवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक में आमजन की समस्याएं सुनीं। कुल 14 में से सात शिकायतों का मौके पर ही निपटारा किया गया, जबकि शेष पर संबंधित अधिकारियों को जांच और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
पहली शिकायत में सीवन गेट निवासी मनजीत सिंह ने चंडीगढ़ के व्यक्तियों पर उसकी बेटी को विदेश भेजने के नाम पर नौ से दस लाख रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाया। इस पर डीसी ने पुलिस को एफआईआर दर्ज कर पीड़ित को न्याय दिलाने के निर्देश दिए।
दूसरी शिकायत में जनकपुरी निवासी सतीश कुमार ने पड़ोसियों पर मारपीट और धमकी का आरोप लगाया। डीसी ने सीसीटीवी फुटेज की जांच कर कार्रवाई करने के आदेश दिए। इसी प्रकार, प्रधानमंत्री आवास योजना में भ्रष्टाचार की शिकायत, अवैध खुर्दे, सीवरेज व बिजली कनेक्शन संबंधी मामलों पर अधिकारियों को रिपोर्ट व समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
डीसी ने कहा कि किसी भी पीड़ित को चक्कर न काटने पड़ें, इसके लिए विभागीय अधिकारी गंभीरता से काम करें। बैठक में भाजपा पदाधिकारी, समिति सदस्य और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।