सेंटर आफ इंडियन ट्रेड यूनियन (सीटू) जिला कमेटी की स्थानीय बस स्टेण्ड पर प्रधान बाबू राम की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें निर्णय लिया गया कि 28 सितंबर को सीटू का सांगठनिक सम्मेलन होगा। इसके तैयारीयों के लिए पांच सदस्यों की संचालन कमेटी का गठन किया गया जिसमें बाबू राम, शीतल, रमेश नन्हेंड़ा, कुलदीप चौहान व सतीश सेठी शामिल है। जिला सचिव सतीश सेठी ने बताया कि सम्मेलन में सीटू से संबद्ध सभी संगठनों के एक सौ से ज्यादा डेलिगेट भाग लेंगे। इसके इलावा सहयोगी संगठनों सर्व कर्मचारी संघ व रिटायर्ड कर्मचारी संघ के जिला नेतृत्व को भी आमंत्रित किया जाएगा। सम्मेलन में पिछले तीन सालों की सांगठनिक व आंदोलनात्मक गतिविधियों के साथ लेखा जोखा की रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी। इसके इलावा अगले तीन साल के लिए सीटू की नई जिला कमेटी का गठन भी होगा। इसके साथ ही 25 से 27 अक्टूबर तक करनाल में होने वाले राज्य सम्मेलन के लिए डिलीगेट का चुनाव भी किया जाएगा। राज्य सम्मेलन में परियोजना वर्कर्स समेत सभी कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने तथा न्यूनतम वेतन रिवाइज कर 31843 रू लागू करने की मांग को लेकर आंदोलन की घोषणा होगी। क्योंकि पिछले दस सालों से प्रदेश सरकार ने न्यूनतम वेतन रिवाइज नहीं किया है। इसके इलावा मनरेगा में साल में 200 दिन काम व 800 रू दिहाड़ी तथा निर्माण क्षेत्र में लगे सभी मजदूरों की रजिस्ट्रेशन व रोके गए सभी लाभ देने तथा सभी को शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास व रोजगार की गारंटी जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों प्रमुखता से उठाया जाएगा। राज्य सम्मेलनके बाद सीटू का राष्ट्रीय सम्मेलन 31 दिसंबर 2025 से 4 जनवरी 2026 तक आंध्रप्रदेश के विशाखापटनम में होगा। इसमें केंद्र सरकार द्वारा बनाए गए चार लैबर कोड, निजीकरण, महंगाई व बेरोजगारी के खिलाफ आंदोलन का एलान किया जाएगा। बैठक में बाबू राम, सर्वजीत कौर, रमेश नन्हेंड़ा, ललिता खन्ना, राम चंद्र, शीतल, राजेंद्र, कविता शर्मा, सोनिया, रेणु बाला, सुरेंद्र कुमार, मोहन लाल, कुलदीप चौहान, सतपाल राणा, बरखा राम व सतीश सेठी ने भाग लिया।
मजदूर संगठन सीटू का जिला सम्मेलन 28 सितंबर को शहजादपुर में होगा



