अंबाला। खेलों के मैदान में अम्बाला पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए राष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल की है। पुणे और अजमेर में आयोजित हुई प्रतिष्ठित खेल प्रतियोगिताओं में अम्बाला पुलिस के खिलाड़ियों ने कुल 11 पदक (गोल्ड, सिल्वर और ब्रोंज) जीतकर न केवल विभाग, बल्कि पूरे जिले का मान बढ़ाया है। नेशनल मास्टर गेम्स (पुणे, महाराष्ट्र): 27 से 31 जनवरी 2026 तक आयोजित इस प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। नेशनल मास्टर एथलेटिक्स चैंपियनशिप-2026 (अजमेर, राजस्थान): 30 जनवरी से 02 फरवरी 2026 तक चली इस चैंपियनशिप में भी अम्बाला के जांबाजों ने जीत का परचम लहराया। महिला उप-निरीक्षक सरोज देवी ने हाई जम्प में गोल्ड और ट्रिपल जम्प में ब्रोंज मेडल जीतकर शानदार उपलब्धि हासिल की। मुख्य सिपाही अनीता रानी ने डिस्कस थ्रो में गोल्ड जीता, जबकि महिला एएसआई रजनी ने रिले रेस में 1 गोल्ड और 2 सिल्वर मेडल अपने नाम किए। उप-निरीक्षक जय सिंह ने रिले रेस में गोल्ड पदक जीता। निरीक्षक सुभाष ने शॉर्टपुट में सिल्वर और डिस्कस थ्रो में ब्रोंज मेडल हासिल किया। उप-निरीक्षक शमशेर सिंह ने 100 मीटर रेस और लॉन्ग जम्प में दो ब्रोंज मेडल जीते। इसके अतिरिक्त, उप-निरीक्षक बलदेव सिंह, एएसआई सतीश कुमार, एएसआई अनिल कुमार और महिला एसआई कविता देवी ने भी इन प्रतियोगिताओं में कड़ा संघर्ष कर अपनी खेल भावना का प्रदर्शन किया। पुलिस अधीक्षक, अम्बाला ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों को उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों की सराहना करते हुए कहा कि ड्यूटी के साथ-साथ खेलों के प्रति ऐसा समर्पण प्रेरणादायक है। उन्होंने सभी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उम्मीद जताई कि भविष्य में भी अम्बाला पुलिस इसी तरह खेल जगत में नए कीर्तिमान स्थापित करेगी।