दुनिया भर में पांव पसार रही लाइलाज बीमारी एचआईवी/एड्स से बचाव के लिए डीएवी महाविद्यालय, अंबाला शहर में प्राचार्य प्रोफेसर राजीव महाजन के मार्गदर्शन में एक जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। रेड रिबन क्लब प्रभारी डॉ गरिमा सुमरान ने बताया कि “रेड रिबन से पौधों का सुसज्जीकरण अभियान” का उद्देश्य न केवल इस भयानक बीमारी के प्रति जागरूकता पैदा करना है अपितु एचआईवी से पीड़ित लोगों के प्रति एकजुटता और समर्थन का संदेश देना भी है। डॉ गरिमा सुमरान और डॉ प्रियंका चौधरी ने विद्यार्थियों को क्लब की प्रमुख गतिविधियों जैसे एचआईवी/एड्स और यौन संचारित संक्रमणों (एसटीआई) के बारे में जागरूकता पैदा करना, स्वैच्छिक एचआईवी परीक्षण के लिए प्रोत्साहित करना, सुरक्षित यौन व्यवहार को बढ़ावा देना और युवाओं को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित करना के बारे में भी जानकारी दी। कार्यक्रम में वाइस प्रिंसिपल डॉ आरएस परमार, डॉ राजीव राणा, डॉ सुखदेव सिंह, प्रोफेसर दीक्षा, साहिल, विकास, विजेंद्र, जसमेर, खुशहाल व अन्य मौजूद रहे।
एचआईवी/एड्स पर जागरूकता हेतु रेड रिबन क्लब ने चलाया रेड रिबन से पौधा सुसज्जीकरण अभियान



