फतेहाबाद। कॉर्पोरेट सामाजिक जिम्मेदारी और परोपकार की भावना को धरातल पर उतारते हुए आईडीबीआई बैंक ने शिक्षा के क्षेत्र में अपना सहयोग हाथ बढ़ाया है। आईडीबीआई बैंक शाखा फतेहाबाद की ओर से राजकीय माध्यमिक विद्यालय, बस्ती भलाडिया, आजाद नगर में विद्यार्थियों की सुविधा के लिए 75 हजार मूल्य की शिक्षण व अन्य सामग्री दान स्वरूप भेंट की गई। बैंक अधिकारियों ने विद्यालय पहुंचकर बच्चों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सामान सौंपा, इसमें एक आधुनिक वाटर कूलर, एक लोहे की अलमारी, कक्षा कक्षों के लिए 6 नए पंखे तथा 5 आरामदायक कुर्सियां शामिल हैं।
इस अवसर पर बैंक के मैनेजर आशीष जैन फतेहाबाद, एजीएम रामदयाल और मैनेजर शिल्पा भाटिया टोहाना विद्यालय पहुंचे। विद्यालय प्रबंधन की ओर से पूर्व बीईओ विजय कुमार, प्राचार्य स. हरविंद्र सिंह, ईएसएचएम वंदना शर्मा और एबीआरसी रामस्वरूप बागड़ी ने अधिकारियों का स्वागत किया और स्मृति चिन्ह देकर उनका अभिनंदन किया। बैंक मैनेजर आशीष जैन और एजीएम रामदयाल ने कहा कि आधुनिक युग में भी सरकारी स्कूलों को भौतिक संसाधनों की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक धर्म सिखाता है कि अपनी आय का कुछ हिस्सा दान अवश्य करना चाहिए। दान केवल धन का त्याग नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति को सुख-समृद्धि और वैभव की ओर ले जाता है। आज के समय में निस्वार्थ भाव से किया गया कार्य ही वास्तविक सेवा है। अधिकारियों ने बताया कि आईडीबीआई बैंक पिछले कुछ वर्षों से अपनी आय का एक निश्चित हिस्सा स्कूलों और अस्पतालों में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने पर खर्च कर रहा है।
पूर्व बीईओ विजय कुमार और प्राचार्य हरविंद्र सिंह ने बैंक प्रबंधन का आभार जताते हुए कहा कि यह दान विद्यार्थियों के शैक्षणिक वातावरण को बेहतर बनाने में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने समाज के अन्य संपन्न और वैभवशाली लोगों से भी अपील की कि वे सरकारी स्कूलों की मदद के लिए आगे आएं ताकि जरूरतमंद बच्चों को बेहतर भविष्य मिल सके। इस कार्यक्रम के दौरान स्टेट अवार्डी राजकुमार सलेमगढ़, रेखा तायल, कृष्ण कुक्कड़, मोहन लाल सैनी, लक्ष्यविंद्र नीर कलौदा, नरेश जाण्डली, कंचन बाला, सुमन सहित अनेक शिक्षक और गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।