एनसीसी युवा आपदा मित्र योजना शिविर का सफल आयोजन 20 जनवरी से 29 जनवरी 2026 तक भारत स्काउट्स एंड गाइड्स भवन, अंबाला कैंट मेंएनसीसी ग्रुप अंबाला के अंतर्गत 1 हरियाणा गल्र्स बटालियन, अंबाला कैंट के द्वारा किया गया। इस शिविर का उद्देश्य एनसीसी कैडेट्स को आपदा प्रबंधन से संबंधित व्यापक प्रशिक्षण प्रदान करना तथा आपात स्थितियों में समाज की सहायता के लिए उन्हें सक्षम बनाना था। शिविर का शुभारंभ हरियाणा सरकार के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के अवर सचिव श्री हरि कृष्ण जी तथा कैंप कमांडेंट कर्नल नितेश सिंह द्वारा विधिवत रूप से किया गया।
शिविर के दौरान कैडेट्स को विभिन्न प्रकार की आपदाओं से निपटने, घायलों के बचाव एवं निकासी, प्राथमिक उपचार तथा आपातकालीन प्रतिक्रिया तकनीकों का गहन प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, हरियाणा राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, रेड क्रॉस, अग्निशमन विभाग एवं सिविल डिफेंस जैसी संस्थाओं के सहयोग से विशेषज्ञ व्याख्यान एवं व्यावहारिक अभ्यास कराए गए, जिससे कैडेट्स को वास्तविक परिस्थितियों का अनुभव प्राप्त हुआ।
यह शिविर कैंप कमांडेंट कर्नल नितेश सिंह के कुशल नेतृत्व में आयोजित किया गया। उनके मार्गदर्शन में सभी गतिविधियाँ अनुशासित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुईं। इस शिविर में पंचकुला एवं यमुनानगर जिलों के 260 बालक एवं बालिका एनसीसी कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
शिविर के सफल समापन के पश्चात कैडेट्स को ‘युवा आपदा मित्र’ के रूप में नामित किया गया, जिससे वे भविष्य में प्राकृतिक अथवा मानव-निर्मित आपदाओं के दौरान नागरिक प्रशासन एवं स्थानीय समुदाय की सहायता कर सकें। यह शिविर कैडेट्स के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक सिद्ध हुआ।
राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण एवं एनसीसी की युवा आपदा मित्र योजना युवाओं को प्रशिक्षित स्वयंसेवक के रूप में तैयार कर राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन एवं राहत प्रयासों में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है।