अंबाला। भारत विकास परिषद, गीता गोपाल शाखा, अंबाला शहर के तत्वावधान में गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सुल्तानपुर में गुरु वंदनझ्रछात्र अभिनंदन कार्यक्रम का गरिमामय एवं प्रेरणादायी आयोजन किया गया। कार्यक्रम देशभक्ति, संस्कार और उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर विद्यालय की माननीय प्रधानाचार्य व अन्य अध्यापकों तथा विद्याथीर्यों को सम्मानित किया गया। शिक्षकों के प्रति सम्मान, कृतज्ञता एवं आदर भाव प्रकट करने हेतु आयोजित गुरु वंदनझ्रछात्र अभिनंदन कार्यक्रम समारोह का विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत कार्यक्रमों में भारतीय संस्कृति, संविधान की गरिमा, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा राष्ट्रभक्ति की भावनाओं की सुंदर एवं प्रभावशाली प्रस्तुति देखने को मिली। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गीता गोपाल शाखा के अध्यक्ष श्री सतीश चावला जी ने गणतंत्र दिवस के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह दिवस हमें हमारे संविधान, अधिकारों और कर्तव्यों की याद दिलाता है। उन्होंने गुरु वंदनझ्रछात्र अभिनंदन कार्यक्रम की महत्ता बताते हुए कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माण की आधारशिला होते हैं और विद्यार्थियों का सम्मान उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आज उन्हें एक अत्यंत सुंदर, अनुशासित एवं संस्कारयुक्त कार्यक्रम देखने को मिला, जिसमें भारतीय परंपरा, संविधान की संरचना एवं राष्ट्रीय मूल्यों की सार्थक जानकारी प्राप्त हुई। इस अवसर पर विद्यालय की माननीय प्रधानाचार्य ने भी गुरु वंदन-छात्र अभिनंदन कार्यक्रम की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि भारत विकास परिषद, गीता गोपाल शाखा द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम अत्यंत प्रेरणादायी एवं समय की आवश्यकता के अनुरूप है। उन्होंने शाखा के कोषाध्यक्ष अरविंद धीमान, संयोजक संपर्क सुशील बग्गा, संयोजक संस्कार ऋषभ गोगना, राकेश कुमार, डॉ जायसवाल, बुद्धि राजा, सतेंद्र यादव, प्रमोद कुमार व अनीता चावला सदस्यों का विद्यालय में इस गरिमामय कार्यक्रम में सहयोग प्रदान करने हेतु धन्यवाद किया तथा भविष्य में भी इस प्रकार के मूल्यपरक आयोजनों की कामना की। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार, परिषद के पदाधिकारी, सदस्यगण, शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राओं की सराहनीय सहभागिता रही। अंत में सभी उपस्थितजनों ने ऐसे संस्कारवर्धक एवं राष्ट्रप्रेम से ओतप्रोत कार्यक्रमों को निरंतर आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
सुल्तानपुर स्कूल में गुरु वंदन-छात्र अभिनंदन कार्यक्रम का आयोजन



