सनातन धर्म कॉलेज, अंबाला कैंट की छात्राओं ने हाल ही में आयोजित विभिन्न शैक्षणिक और सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल कर कॉलेज का नाम रोशन किया। इन उपलब्धियों ने छात्राओं की मेहनत, प्रतिभा और संस्थान के प्रेरणादायी शैक्षिक वातावरण का प्रमाण प्रस्तुत किया। प्रतियोगिताओं का आरंभ आईबी कॉलेज, पानीपत से हुआ, जहाँ हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में निबंध लेखन प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें बीए पॉलिटिकल साइंस आॅनर्स की छात्रा सृष्टि मेहता ने प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी सृजनात्मकता और अभिव्यक्ति क्षमता का प्रभावी परिचय दिया। इसके बाद हिंदू गर्ल्स कॉलेज, जगाधरी में आयोजित राज्य स्तरीय कविता पाठ प्रतियोगिता में सृष्टि राणा ने अपने सधे हुए शब्दों और भावनाओं से श्रोताओं को प्रभावित किया और द्वितीय स्थान प्राप्त किया। उनकी प्रस्तुति साहित्यिक संवेदनशीलता और अभिव्यक्ति की सुंदर मिसाल रही। इसी क्रम में जैन कॉलेज, अंबाला सिटी में आयोजित राज्य स्तरीय प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में कॉलेज की छात्राएँ इशिका शर्मा, कीर्ति राठौर और सिमरन ने टीम भावना और ज्ञान का अद्वितीय प्रदर्शन करते हुए तृतीय स्थान हासिल किया। कठिन प्रश्नों के उत्तर देने में उनकी तत्परता और सामूहिक प्रयास सराहनीय रहे। इन सभी सफलताओं के पीछे कॉलेज की डीन आॅफ कल्चरल अफेयर्स डॉ. विजय शर्मा और सह-समन्वयक डॉ. सोनिका सेठीका सतत मार्गदर्शन और प्रोत्साहन रहा। उन्होंने छात्राओं को प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कॉलेज की प्राचार्य डॉ. अल्का शर्मा ने विजेता छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि हमारी छात्राओं ने जिस तरह से अलग-अलग मंचों पर अपनी प्रतिभा दिखाई है, वह न केवल संस्थान के लिए गौरव का विषय है बल्कि यह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत भी है। सनातन धर्म कॉलेज, अंबाला कैंट, शिक्षा, संस्कृति और साहित्य तीनों क्षेत्रों में निरंतर प्रगति कर रहा है। छात्राओं की यह उपलब्धियाँ कॉलेज के सकारात्मक वातावरण, शिक्षकों के मार्गदर्शन और विद्यार्थियों की मेहनत का संयुक्त परिणाम हैं।