पानीपत, 5 सितंबर। भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत का सपना तभी साकार होगा जब हम सभी अपने दैनिक जीवन में स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देंगे। उन्होंने कहा कि स्वदेशी अपनाने से भारत स्वावलंबी, आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनेगा।
एसडीवीएम स्कूल, पानीपत में छात्रों को संबोधित करते हुए डॉ. गुप्ता ने कहा कि विदेशी वस्तुएं खरीदने से देश की धनराशि बाहर जाती है, जबकि स्वदेशी उत्पादों से देश की अर्थव्यवस्था मज़बूत होती है। उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया कि केवल टूथपेस्ट जैसे छोटे उत्पाद में भी यदि हम विदेशी ब्रांड का इस्तेमाल करते हैं तो हज़ारों करोड़ रुपये विदेश चले जाते हैं, जबकि स्वदेशी आयुर्वेदिक टूथपेस्ट स्वास्थ्य और अर्थव्यवस्था दोनों के लिए लाभकारी हैं।
उन्होंने छात्रों से आह्वान किया कि वे जीवन में केवल भारत में निर्मित वस्तुओं का उपयोग करने का संकल्प लें। डॉ. गुप्ता ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर में भारतीय सेना ने स्वदेशी हथियारों का इस्तेमाल किया और अब भारत सेमीकंडक्टर व चिप्स निर्माण में भी आगे बढ़ रहा है।
डॉ. गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य रखा है और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार प्रदेश को विकसित राज्य बनाने की दिशा में कार्य कर रही है।
इस अवसर पर भाजपा नेता ईश्वर राणा, प्रदेश मंत्री भाजपा महिला मोर्चा सुनीता गोयल और जिला मंत्री भाजपा रविंद्र तुषामड़ भी मौजूद रहे।