हरियाणा के शिक्षा मंत्री श्री महिपाल ढांडा ने आज पानीपत के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में आयोजित जनता दरबार में आमजन की समस्याएं सुनीं। बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों ने पानी, बिजली, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा प्रशासनिक दिक्कतों से संबंधित शिकायतें रखीं। मंत्री ने सभी शिकायतों पर गंभीरता से विचार करते हुए संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
इस दौरान उन्होंने कहा कि जनता की हर छोटी-बड़ी समस्या का त्वरित समाधान करना ही उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और समस्याओं का निपटान समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जाए।
ढांडा ने कहा कि जनता ही लोकतंत्र की असली ताकत है और जनप्रतिनिधियों का धर्म है कि वे निरंतर जनता के बीच रहकर उनकी आवश्यकताओं को पूरा करें। उन्होंने कहा आप सबकी सेवा ही मेरा लक्ष्य है और यही मेरा प्रथम कर्तव्य भी है।
जनता दरबार में उपस्थित लोगों ने शिक्षा मंत्री की संवेदनशीलता और त्वरित कार्यवाही की सराहना की तथा भरोसा जताया कि समस्याओं के समाधान से उन्हें बड़ी राहत मिलेगी।