अंबाला। डीएवी मैनेजिंग कमेटी दिल्ली के प्रधान पूनम सूरी व आर्य युवा समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष योगी सूरी के नेतृत्व में नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के अंतर्गत डी ए वी महाविद्यालय और शहर के सभी डीएवी विद्यालय संयुक्त रूप से जिले के विभिन्न स्थानों पर 100 कुंडीय महायज्ञ का आयोजन करेंगे। यह जानकारी डी ए वी महाविद्यालय, अम्बाला शहर के प्राचार्य प्रो (डॉ.) रमेश परमार ने दी। उन्होंने बताया कि आर्य युवा समाज के तत्वावधान में देशभर में चल रहे ‘नो नशा नेशन’ अभियान के तहत युवाओं और विद्यार्थियों को नशे से दूर रखने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान की शुरूआत 7 दिसंबर को सुबह 11 बजे डी ए वी महाविद्यालय के विद्यार्थियों व स्टाफ सदस्यगण,एवं गणमान्यनीय व्यक्तियों द्वारा 100 कुंडीय हवन यज्ञ के आयोजन से होगी। कार्यक्रम में अम्बाला के पूर्व विधायक असीम गोयल मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। जबकि अम्बाला बीजेपी के अध्यक्ष मनदीप राणा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। प्राचार्य डॉ. रमेश परमार ने बताया कि यह हवन सिर्फ धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि नशा मुक्त भारत के संकल्प का प्रतीक होगा, जो युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराकर समाज को जागरूक करने के उद्देश्य से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज का युवा ही कल का भारत है। इसलिए जरूरी है कि हम अपने बच्चों को नशे की लत से बचाएं और उन्हें मजबूत बनाएं। इन हवनों के माध्यम से न केवल धार्मिक-सांस्कृतिक वातावरण बनेगा, बल्कि युवाओं में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता भी फैलाई जाएगी।इसके पश्चात् नशा ना करने की शपथ और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएगें। प्राचार्य डॉ परमार ने सहयोगी व्यक्तियों से भी विचार साझा किए और सफल आयोजन के लिए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने शहर के नागरिकों, अभिभावकों और युवाओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान दें।
7 दिसंबर को 100 कुंडीय हवन से शुरू होगा नशामुक्ति जागरूकता अभियान



