हरियाणा के युवा सशक्तिकरण एवं उद्यमिता तथा खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन और भगवान विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर पूरे प्रदेश में सेवा पखवाड़ा की शुरुआत की जाएगी। यह अभियान 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर समाप्त होगा।
गौरव गौतम ने पत्रकार वार्ता में बताया कि सेवा पखवाड़ा के दौरान समाज सेवा और जनजागरण से जुड़े अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जैसे नमो युवा रन, रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य जांच शिविर और ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान। पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी को बढ़ावा देने के लिए पूरे प्रदेश में पौधारोपण होगा।
उन्होंने बताया कि 21 सितंबर को कुरुक्षेत्र और गुरुग्राम में नशे के खिलाफ नमो युवा रन आयोजित होगी, जिसमें मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल शामिल होंगे। इसमें लगभग 7500 युवा भाग लेकर नशामुक्त समाज का संदेश देंगे।
गौरव गौतम ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का लक्ष्य हरियाणा को पूरी तरह नशामुक्त बनाना है। साथ ही, सरकार ने बाढ़ पीड़ित किसानों के लिए क्षतिपूर्ति पोर्टल शुरू किया है और खेल मैदानों की मरम्मत के साथ 1500 खेल नर्सरियाँ संचालित कर रही है। शीघ्र ही 500 नई नर्सरियाँ शुरू की जाएंगी, जहाँ खिलाड़ियों की बायोमीट्रिक हाजिरी अनिवार्य होगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक मजबूती पर उन्होंने भरोसा जताते हुए कहा कि भारत हर क्षेत्र में आगे है। उन्होंने सेवा पखवाड़ा को केवल औपचारिक आयोजन न मानते हुए इसे सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और नशामुक्ति से जोड़ने वाला जनअभियान बताया। भाजपा और हरियाणा सरकार मिलकर इसे सफल बनाएँगे।