अंबाला। जिला अंबाला पुलिस द्वारा नशा तस्करी पर अंकुश लगाने और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक अंबाला के दिशा-निर्देशों पर CIA-मुलाना टीम ने थाना पड़ाव में दर्ज 13 ग्राम हेरोइन तस्करी के मामले में तीसरे आरोपी को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान दुर्गा प्रसाद उर्फ ध्रुव निवासी बन्धु नगर, अंबाला छावनी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पहले गिरफ्तार दो आरोपियों से पूछताछ में सामने आया तीसरे आरोपी का नाम

CIA-मुलाना टीम ने बीते दिनों अंबाला छावनी स्थित DRM कार्यालय के समीप घेराबंदी कर दो आरोपियों आकाश पासी निवासी सुंदर नगर, अंबाला छावनी तथा आकाश उर्फ सन्नी निवासी PNT कॉलोनी के नजदीक सुंदर नगर, अंबाला छावनी को 13 ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया था। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया था।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने इस मामले में दुर्गा प्रसाद उर्फ ध्रुव की संलिप्तता के संबंध में जानकारी दी थी। इसके बाद पुलिस ने मामले में आगे कार्रवाई करते हुए तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए।

CIA-मुलाना टीम ने तीसरे आरोपी को किया गिरफ्तार

दिनांक 16 नवंबर 2026 को CIA-मुलाना प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र कुमार के नेतृत्व में उप निरीक्षक अमित कुमार, सहायक उप निरीक्षक प्रवेश तथा टीम के अन्य कर्मचारियों ने कार्रवाई करते हुए मामले में संलिप्त तीसरे आरोपी दुर्गा प्रसाद उर्फ ध्रुव को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस द्वारा आरोपी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई।

नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई रहेगी जारी

अंबाला पुलिस नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। पुलिस का उद्देश्य नशा तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाकर युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाना तथा समाज को नशामुक्त बनाने के प्रयासों को मजबूती प्रदान करना है।