जींद। विश्व हिंदू परिषद् की बैठक शनिवार को प्रांत उपाध्यक्ष राधेश्याम चिलाना की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में नवरात्र के दौरान मांस की दुकानों को बंद करवाने के लिए डीसी से मिल कर ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया गया। वहीं विहिप कार्यकर्ता नॉन वैज की दुकानें चलाने वाले दुकानदारों से मिल कर नवरात्र के दौरान दुकानें बंद रखने का निवेदन करेंगे। उन्होंने कहा कि चैत्र शुक्ल प्रथमा हिंदू नववर्ष प्रतिपदा तद्नानुसार 19 मार्च को जिलाभर में मनाया जाएगा। इसी दिन से मां के पावन नवरात्रे प्रारंभ हो रहे हैं। विहिप कार्यकर्ता उपायुक्त से मिलकर ज्ञापन देंगे कि प्रशासन शहर में 19 मार्च से 27 मार्च तक मां के पावन नवरात्रों में मांस की दुकानों को बंद रखना सुनिश्चित करने की बात कहेंगे। उन्होंने कहा कि नवरात्र हिंदू समाज का एक विशेष पर्व होता है। इस पूरे नौ दिन के कार्यकाल में सर्व हिंदू समाज व्रत व तपस्या करता है, जिसके कारण बाजार में बिकने वाले मांस की दुकानों से हिंदू समाज की धार्मिक भावनाएं आहत व मानसिक कष्ट होता है। उल्लेखनीय है कि गत नवरात्रों में प्रशासन के आदेशानुसार सभी मांस की दुकानें बंद रही थी। जिला अध्यक्ष सुशील सिंगला ने सभी नॉन वैज से जुड़े दुकानदार से निवेदन किया कि वे अपनी दुकानें 19 मार्च से 27 मार्च तक बंद रख कर मां के भक्तों की भावनाओं को सम्मान दें। उन्होंने कहा कि नववर्ष प्रतिपदा पर हम अपने मित्रों व संबंधियों को बधाई संदेश भेजें तथा अपने घरों पर भगवा ध्वज लगाएं। मातृ शक्ति से बहन दीप्ति मित्तल ने कहा कि प्रशासन को चाहिए कि नॉन वैज की सभी दुकानें शहर से बाहर किसी एक स्थान पर शिफ्ट की जाएं। ज्यादातर नॉन वैज की दुकानें मंदिर या कहीं पर भी जाते हुए सड़कों पर रेहड़ी पर दिख जाती हैं। जिससे धार्मिक भावनाओं को काफी ठेस पहुंचती है। उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि मीट मार्केट व नॉन वैज की दुकानों को शहर से बाहर किसी एक विशेष स्थान पर बनाना सुनिश्चित कर जन भावनाओं को मान रखा जाए। बैठक में नवीन जैन, विशाल भरत, महाबीर बिरौली, विक्रम सैनी, निशु मान आदि मौजूद रहे।