अंबाला। दि इंस्टिट्यूट आॅफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स आॅफ इंडिया की अम्बाला शाखा (एनटीआरसी) द्वारा सेक्शन 194टी एवं टीडीएस प्रावधानों में हालिया बदलाव विषय पर एक महत्वपूर्ण सेमिनार का आयोजन इंस्टिट्यूट आॅफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स आॅफ इंडिया अम्बाला ब्रांच कार्यालय, अम्बाला कैंट में सफलतापूर्वक किया गया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता प्रख्यात चार्टर्ड अकाउंटेंट मुकेश जैन रहे। उन्होंने अपने संबोधन में आयकर अधिनियम के सेक्शन 194टी के प्रावधानों तथा टीडीएस से संबंधित नवीनतम संशोधनों पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डाला। साथ ही, उन्होंने व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से उपस्थित चार्टर्ड अकाउंटेंट्स एवं पेशेवरों को इन बदलावों की उपयोगी एवं गहन जानकारी प्रदान की। इंस्टिट्यूट आॅफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स आॅफ इंडिया अम्बाला ब्रांच (एनटीआरसी) के चेयरमैन सीए अमित गुप्ता ने बताया कि शाखा द्वारा समय-समय पर इस प्रकार के ज्ञानवर्धक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिनमें अम्बाला के चार्टर्ड अकाउंटेंट्स उत्साहपूर्वक भाग लेते हैं। उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों का उद्देश्य सदस्यों को नवीनतम कर प्रावधानों से अवगत कराना एवं उनकी पेशेवर दक्षता को सुदृढ़ करना है। ब्रांच सचिव सीए अमन गोयल ने सेमिनार की प्रासंगिकता पर जोर देते हुए कहा कि बदलते कर परिदृश्य में निरंतर ज्ञानार्जन अत्यंत आवश्यक हो गया है। वहीं, सह-चेयरमैन सीए विकास मल्होत्रा ने जानकारी दी कि निकट भविष्य में अम्बाला ब्रांच द्वारा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर एक विशेष कोर्स का आयोजन किया जाएगा, जिससे सदस्यों की कार्यक्षमता और पेशेवर अनुभव में वृद्धि होगी। कार्यक्रम के दौरान ब्रांच के पिछले चेयरमैन सीए गौरव गांधी ने चार्टर्ड अकाउंटेंसी की पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों को अम्बाला ब्रांच द्वारा प्रदान की जा रही विभिन्न सुविधाओं एवं संसाधनों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।