राजस्थान के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल रामदेवरा से भक्तजन पैदल यात्रा कर बाबा रामदेव जी की भव्य चांदी की मूर्ति लेकर आज फतेहाबाद के प्राचीन बाबा रामदेव मंदिर, रामसरा पहुंचे। इस धार्मिक यात्रा के पहुंचने पर गाँव में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला और श्रद्धालुओं ने यात्रा का जोरदार स्वागत किया।
पुजारी रोहताश शर्मा के सानिध्य में यह पैदल यात्रा 23 जनवरी को सुबह 6:15 बजे रामदेवरा से रवाना हुई थी। करीब चार दिनों की श्रद्धापूर्ण यात्रा के बाद, आज दोपहर 12:15 बजे यात्री मूर्ति लेकर मंदिर परिसर पहुंचे। जैसे ही यात्रा ने गांव की सीमा में प्रवेश किया, ढोल-नगाड़ों की थाप और बाबा रामदेव के जयकारों से पूरा आकाश गुंजायमान हो उठा। मंदिर पहुँचने पर मंत्रोच्चारण के साथ बाबा की चांदी की मूर्ति को स्थापित किया गया। पुजारी रोहताश शर्मा ने बताया कि बाबा के प्रति भक्तों की अटूट आस्था है, जिसके चलते श्रद्धालु सैकड़ों किलोमीटर का सफर पैदल तय करके आए हैं। धार्मिक अनुष्ठानों की जानकारी देते हुए पुजारी ने बताया कि मंगलवार रात विशाल भजन जागरण का आयोजन होगा। 28 जनवरी बुधवार सुबह पावन हवन यज्ञ और उसके पश्चात विशाल भंडारे व मेले भी का आयोजन किया जाएगा। इस पावन अवसर पर सुभाष झाझड़ा, धर्मवीर झाझड़ा, मदन लाल, कृष्ण, रामानंद, कुलदीप, हनुमान, मांगेराम सहित सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने बाबा की ज्योत के दर्शन किए और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।