भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने नूंह की फिरोजपुर झिरका विधानसभा में अल्पसंख्यक मोर्चा की प्रदेश स्तरीय कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा अल्पसंख्यकों को वोट बैंक समझा है, जबकि भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यकों के विकास और उत्थान के लिए कार्य कर रही है। श्री बड़ौली ने कहा कि सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास और सबका विश्वास के मंत्र पर चलते हुए नायब सरकार समान रूप से पूरे प्रदेश का विकास के कार्य करा रही है।
सोमवार को अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष जान मोहम्मद की अध्यक्षता में प्रदेश स्तरीय कार्य समिति की बैठक हुई। बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली, संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चौधरी जाकिर हुसैन के अलावा मोर्चा के जिला अध्यक्ष और पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्य समिति की इस बैठक में सेवा पखवाड़ा को लेकर विस्तृत चर्चा हुई और सेवा भाव से कार्य करने का कार्यकर्ताओं से आह्वान किया।  
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि लोकप्रिय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 17 सितंबर को जन्म दिन है। बीजेपी पीएम मोदी के जन्म दिन को सेवा पखवाड़ा के रूप में मना रही है। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर से सेवा पखवाड़ा की शुरुआत होगी और 2 अक्टूबर गांधी जयंती तक सेवा पखवाड़ा रहेगा। उन्होंने कहा कि इस 16 दिवसीय सेवा पखवाड़ा में भाजपा कार्यकर्ता गांव-गांव, शहर-शहर पहुंचकर जनता से सीधा संवाद करेंगे और विभिन्न सेवा कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।