जींद। ऑनलाइन ट्रेडिंग का झांसा देकर आठ लाख 90 हजार रुपये हड़पने के दो आरोपितों को साइबर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपितो की निशानदेही पर 60 हजार रुपये बरामद किए हैं। पुलिस ने दोनों आरोपितों को अदालत में पेश किया। जहां से दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
थाना साइबर प्रभारी कुलदीप सिंह बताया कि गांव दबलैन निवासी अनिल कुमार ने साइबर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी फेसबुक पर कार्तिक अरोड़ा के नाम से फ्रेंड रिक्वेस्ट आई थी। जिसमें ऑनलाइन ट्रेडिंग में मुनाफा दिखाया गया। विदेशी ट्रेडिंग के नाम पर अलग-अलग 11 बैंक खातों में धीरे-धीरे आठ लाख 90 रुपये जमा करवाए। नियमित समय में रकम वापस न मिलने पर उसे धोखाधड़ी का पता चला। साइबर थाना पुलिस ने अनिल की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया था। पुलिस ने जांच को आगे बढाया तो कुछ लोगों के नाम सामने आए। जिसमें से पुलिस ने कुनाल खेड़ा, गुरजीत, सचिन, पवन व यशवीर को पहले ही गिरफ्तार किया था। आरोपितों से पूछताछ के दौरान पटियाला चौक निवासी सौरव दुग्गल तथा बलजिंद्र उर्फ अजय नाम सामने आया। साइबर थाना थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपितों को भी काबू कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपितो की निशानदेही पर 60 हजार रुपये बरामद किए है।