अंबाला। सनातन धर्म कॉलेज की होम साइंस एसोसिएशन ने महिला प्रकोष्ठ के सहयोग से मेक-अप विषय पर एक उपयोगी एवं कौशलवर्धक कार्यशाला का आयोजन किया। इस कार्यशाला का उद्देश्य छात्राओं को मेक-अप एवं ग्रूमिंग से जुड़ी व्यावहारिक तकनीकों से परिचित कराना तथा करियर संभावनाओं के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यशाला में एनयूयूमी इंटरनेशनल ब्यूटी इंस्टीट्यूट की ओर से परविंदर कौर एवं श्री दीपक कुमार (डायरेक्टर) ने विशेषज्ञ मार्गदर्शन प्रदान किया। कार्यक्रम में मेक-अप आर्टिस्ट पल्लवी तथा हेयर आर्टिस्ट श्रुति ने प्रतिभागियों को आधुनिक मेक-अप ट्रेंड्स, स्किन-टाइप के अनुसार उत्पादों का चयन, बेसिक से प्रोफेशनल लुक तक की तकनीकें एवं हेयर-स्टाइलिंग के व्यावहारिक टिप्स देकर लाइव डेमोंस्ट्रेशन प्रस्तुत किया। सुश्री याशना बावा ने कार्यक्रम के सफल संचालन में सहयोग दिया। कार्यशाला में कुल 73 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अंत में प्रश्न-उत्तर सत्र के माध्यम से प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया और कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। इस अवसर पर होम साइंस एसोसिएशन की संयोजिका डॉ. याशना बावा तथा महिला प्रकोष्ठ की संयोजिका सुश्री कवलिन भरेज की सक्रिय भूमिका रही, जिनके मार्गदर्शन में कार्यक्रम को सुचारु रूप से आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करती हुई कार्यवाहक प्राचार्या डॉ. अलका शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएँ छात्राओं के व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। कौशल-आधारित प्रशिक्षण आज के समय की आवश्यकता है और ऐसे प्रयास विद्यार्थियों के करियर को नई दिशा प्रदान करते हैं। होम साइंस एसोसिएशन एवं डॉ.याशना बावा ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा, यह कार्यशाला छात्राओं के लिए अत्यंत लाभकारी रही, जहाँ उन्हें मेक-अप एवं हेयर स्टाइलिंग की बारीकियों को व्यावहारिक रूप से सीखने का अवसर मिला। ऐसे कार्यक्रम न केवल रचनात्मकता को बढ़ावा देते हैं, बल्कि आत्मविश्वास में भी वृद्धि करते हैं। वहीं महिला प्रकोष्ठ की संयोजिका कवलिन भरेज ने कहा आज के समय में कौशल-आधारित शिक्षा का विशेष महत्व है। यह कार्यशाला छात्राओं को स्वरोजगार और प्रोफेशनल करियर की दिशा में प्रेरित करेगी। भविष्य में भी इस प्रकार के और कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
सनातन धर्म कॉलेज में मेक-अप व ग्रूमिंग पर कार्यशाला आयोजित



