बाढड़ा, 23 मार्च: (प्रविन्द्र सांगवान): प्रस्तावित ट्रेड डील के विरोध में क्षेत्र के सैकड़ों किसानों का जत्था सोमवार को कुरुक्षेत्र के पीपली में आयोजित राष्ट्रीय किसान महापंचायत में भाग लेने के लिए रवाना हुआ। यह जत्था भाकियू चढूनी जिला प्रधान नवीन चौधरी के नेतृत्व में बड़े जोश और उत्साह के साथ रवाना हुआ।
जत्थे में शामिल किसानों को संबोधित करते हुए जिला प्रधान नवीन चौधरी ने केंद्र सरकार की नीतियों पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित ट्रेड डील देश के किसानों के हितों के खिलाफ है और इससे कृषि क्षेत्र को भारी नुकसान हो सकता है। उन्होंने आशंका जताई कि इस प्रकार की नीतियों से विदेशी कंपनियों को बढ़ावा मिलेगा, जिससे छोटे और मध्यम किसानों की आजीविका पर संकट गहराएगा। नवीन चौधरी ने कहा कि किसान पहले ही महंगाई, मौसम की मार और बढ़ती लागत जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं, ऐसे में सरकार द्वारा लाई जा रही ट्रेड डील किसानों की कमर तोडऩे का काम करेगी। उन्होंने कहा कि किसान अब चुप बैठने वाले नहीं हैं और अपने अधिकारों की रक्षा के लिए सडक़ों पर उतरने को मजबूर हैं। उन्होंने आगे कहा कि पीपली में आयोजित राष्ट्रीय किसान महापंचायत किसानों की एकजुटता का बड़ा मंच बनेगी, जहां प्रदेशभर से हजारों किसान एकत्रित होकर सरकार को अपनी ताकत का अहसास कराएंगे। इस महापंचायत में आगामी आंदोलन की रणनीति भी तैयार की जाएगी, ताकि किसानों की मांगों को प्रभावी ढंग से सरकार तक पहुंचाया जा सके। किसानों ने भी एक स्वर में कहा कि जब तक उनकी मांगों को नहीं माना जाता, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। महापंचायत में भाग लेने के लिए रवाना हुए किसानों का कहना है कि यह केवल एक पंचायत नहीं बल्कि किसानों के हक और सम्मान की लड़ाई है, जिसे वे किसी भी कीमत पर जारी रखेंगे। इस अवसर पर हजारीलाल,धर्मेंद्र कादयान, भगत सिंह,सतीश श्योराण, सत्यवीर, माडूराम, कर्ण सिंह,, सनीस श्योराण, वीरेंद्र श्योराण आदि सैकड़ों किसानों ने पीपली के लिए रवाना हुए।