केरल सरकार ने कामगारों के ओणम उपहार राशि बढ़ा दी है। राज्य की ग्रामीण और शहरी रोजगार गारंटी योजनाओं के तहत कामगारों के लिए यह घोषणा की गई है। इससे उन्हें त्योहारों के मौसम में थोड़ी अतिरिक्त राहत मिलेगी। राज्य के वित्तमंत्री के.एन. बालगोपाल ने मंगलवार को कहा कि इस साल प्रत्येक श्रमिक को 1,200 रुपये मिलेंगे, जो पिछले साल 1,000 रुपये था। उन्होंने कहा कि 200 रुपये की इस वृद्धि से राज्य भर के लगभग 5 लाख 26 हजार श्रमिकों को लाभ होगा। इनमें से, पिछले वित्तीय वर्ष में ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के तहत 100 दिन का काम पूरा करने वाले 5 लाख 19 हजार से अधिक लोगों को 51.96 करोड़ रुपये का आवंटन मिलेगा। बालगोपाल ने बताया कि अय्यंकाली शहरी रोजगार गारंटी योजना के तहत 6 हजार 368 अन्य श्रमिकों को भी भत्ता दिया जाएगा, जिन्होंने कम से कम 100 दिन का काम पूरा किया है। इसके भुगतान के लिए 63.68 लाख रुपये अलग रखे गए हैं।