सीआइए थाना प्रभारी अनूप सिंह ने बताया कि गत सात मार्च को गांव बड़ौदा में फ्लाईओवर के नीचे गांव बडौदा निवासी जगदीप उर्फ काजु पर कार सवार युवकों ने फायर किया था। निशाना चूक जाने के कारण छर्रे लगने से जगदीप घायल हो गया था। उचाना थाना पुलिस ने घायल जगदीप की शिकायत पर गांव बडौदा निवासी राहुल समेत चार के खिलाफ जानलेवा हमला करने, शस्त्र अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। सीआईए स्टाफ को सूचना मिली थी कि जगदीप पर जानलेवा हमला करने के आरोपित गांव कहसून की तरफ से कार में सवार हो कर आ रहे हैं। जिसके आधार पुलिस ने गांव कहसून तथा खटकड़ केबीच नाकाबंदी कर नजर रखनी शुरू कर दी। नाकाबंदी देख कार सवार एक युवक गाड़ी छोड़ खेतों में भागने लगा। जो गिर कर घायल हो गया। जिसकी पहचान गांव बडौदा निवासी सचिन के रूप में हुई। तलाशी में आरोपित के कब्जे से दो पिस्तौल तथा दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। जबकि दूसरे युवक की पहचान गांव भौंगरा निवासी राहुल के रूप में हुई। जिसके कब्जे से एक पिस्तौल बरामद हुई। आरोपितों ने पुलिस पूछताछ मे बताया कि हमले के दौरान इसी कार का प्रयोग किया गया था। पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर रही है।
जींद में युवक पर फायरिंग के आरोपित गिरफ्तार, तीन पिस्तौल और कारतूस बरामद



