जींद। सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा व सीटू के संयुक्त आह्वान पर सोमवार को कर्मचारियों ने जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने प्रदर्शन करते हुए 12 फरवरी को होने वाली राष्ट्रव्यापी हड़ताल का नोटिस जींद प्रशासन की ओर से आए तहसीलदार बलराम को सौंपा।
सोमवार सुबह जिला की विभिन्न विभागों के कच्चे कर्मचारी पुराना बस स्टैंड पर एकत्रित हुए और रोष सभा की। जिसकी अध्यक्षता जिला प्रधान संजीव ढांडा व रमेश चंद्र ने संयुक्त रूप से की। संचालन मजदूर नेता कपूर सिंह ने किया। इस मौके पर सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के राज्य के नेता सुरेश राठी, संदीप जाजवान जिला सचिव सीटू ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए बताया कि हरियाणा उच्च न्यायालय ने 23 दिसंबर 2025 व 31 दिसंबर 2025 को कच्चे कर्मचारियों के पक्ष में पक्का करने की आदेश दिए थे। जबकि भाजपा सरकार उच्च न्यायालय के आदेशों को भी अनदेखा कर रही है। कर्मचारियों की लंबे समय से मांग है की पुरानी पेंशन बहाल हो लेकिन सरकार पुरानी पेंशन बहाल नही करना चाहती है। मजदूर कर्मचारियों पर गुलामी की दास्तान लेबर को लागू करके गुलाम बनाना चाहती है। विभागों में लाखों खाली पड़े पदों को सरकार भरना नहीं चाहती। सभी सरकारी विभागों को बंद करना चाहती है। ऐसी बहुत सी मांगे कर्मचारी और मजदूर वर्ग की लंबित पड़ी हैं। समय रहते सरकार इन मांगों का समाधान करे अन्यथा 12 फरवरी को राष्ट्रव्यापी हड़ताल करके हम संघर्ष को और तेज करेंगे। इस मौके पर मनदीप नेहरा, कमल सैनी, मंगतराम, धर्मवीर मोर, संदीप पूनिया, राजेश पूनिया, विक्रम संधू, पंकज भाटिया, राकेश, संदीप, रमेश, सोहनलाल, रामेश्वर भारद्वाज, धर्मबीर आदि कर्मचारी नेता मौजूद रहे।