पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक 2, अंबाला छावनी में आज हिन्दी दिवस के उपलक्ष्य में एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य हिन्दी भाषा की महत्ता, उसकी उत्पत्ति, सांस्कृतिक योगदान और वर्तमान समय में उसकी भूमिका को उजागर करना था। इस अवसर पर प्रस्तुत नाटक हिन्दी हमारी शान ने दर्शकों को हिन्दी भाषा की गरिमा और महत्ता से परिचित कराया। यह नाटक आकाश शर्मा रंगमंच द्वारा लिखा एवं निर्देशित किया गया। प्रस्तुति में यह संदेश दिया गया कि हिन्दी केवल संवाद का साधन नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, साहित्य और इतिहास का जीवन्त सेतु है। नाटक में विद्यालय के विद्यार्थी खुशबू, पूनम, आदि, करण, रितिक और आदिति ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति से दर्शकों को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. जोगिंदर सिंह (पर्यावरण प्रेमी एवं चिकित्सक, नागरिक अस्पताल अंबाला छावनी) ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि हिन्दी हमारी आत्मा की भाषा है, जो हमें हमारी जड़ों से जोड़ती है। हमें गर्व होना चाहिए कि हमारी मातृभाषा विश्व की प्रमुख भाषाओं में से एक है। इस अवसर पर प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक अंग्रेजी अभिमन्यु ने हिन्दी भाषा के महत्व विषय पर कविता पाठ किया। तत्पश्चात शिक्षित स्नातक शिक्षक हिन्दी श्री विनीत आहूजा ने हिन्दी भाषा को समृद्ध करने वाले महान साहित्यकारों जैसे मुंशी प्रेमचंद, महादेवी वर्मा, मैथिलीशरण गुप्त, हरिवंश राय बच्चन, सूर्यकांत त्रिपाठी ह्यनिरालाह्ण, तुलसीदास और कबीर को श्रद्धांजलि अर्पित की। विद्यालय के प्राचार्य हरिन्द्र सिंह लाम्बा* तथा उप-प्राचार्य मनीष सेमवाल की गरिमामयी उपस्थिति में कार्यक्रम को विशेष ऊर्जा प्राप्त हुई। आचार्य हरिन्द्र सिंह लाम्बा ने अपने संबोधन में कहा कि हिन्दी केवल भाषा नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक अस्मिता और आत्मगौरव की पहचान है। विद्यार्थियों को हिन्दी को अपनाने, पढ़ने और बोलने में गर्व अनुभव करना चाहिए। पूरे कार्यक्रम का सफल संयोजन हिन्दी विभाग के अध्यक्ष स्नातकोत्तर शिक्षक डॉ रवीन्द्र कुमार द्वारा किया गया, जिनके मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन प्रस्तुत किया। डॉ रवीन्द्र ने बताया कि प्रतिवर्ष 14 सितम्बर को हिन्दी दिवस मनाया जाता है, परन्तु इस वर्ष 14 सितम्बर रविवार को अवकाश होने के कारण विद्यालय में यह कार्यक्रम एक दिन पूर्व आयोजित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएँ एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे और उत्साहपूर्वक हिन्दी दिवस का उत्सव मनाया।
पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक 2 में हिन्दी दिवस पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का किया आयोजन
