17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक जन-जागरूकता, सुरक्षा और सेवा पर फोकस

हरियाणा पुलिस महानिदेशक शत्रुजीत कपूर के निर्देशानुसार प्रदेशभर में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2025 तक विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। इन अभियानों का उद्देश्य समाजहित में जन-जागरूकता बढ़ाना, नागरिक सहयोग सुनिश्चित करना और सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है।
इस अभियान के तहत रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य जागरूकता, सड़क सुरक्षा, प्राथमिक उपचार, वृक्षारोपण और स्वच्छता अभियान आयोजित किए जाएंगे। हर पुलिस आयुक्त कार्यालय में हजारों पौधे लगाए जाएंगे और थानों व चौकियों में सफाई अभियान चलाकर पर्यावरण संरक्षण पर बल दिया जाएगा।
महिला सुरक्षा पर विशेष ध्यान देते हुए जागरूकता कार्यक्रम और सुरक्षा उपायों पर चर्चा की जाएगी। इसके अलावा ‘संवाद शिविर’ आयोजित कर नशा मुक्ति, स्वच्छता, पराली जलाने की रोकथाम जैसे मुद्दों पर जागरूकता बढ़ाई जाएगी। यातायात नियमों के पालन को लेकर अभियान चलाकर भारी वाहनों और ट्रैक्टरों पर परावर्तक लगाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
पुलिस महानिदेशक ने सभी नागरिकों से इन अभियानों में सक्रिय भागीदारी की अपील की है, ताकि समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सके। अभियान की निगरानी वरिष्ठ पुलिस अधिकारी करेंगे और रिपोर्ट पुलिस मुख्यालय को भेजी जाएगी।