अंबाला। गांधी मेमोरियल नेशनल कॉलेज में 26 जनवरी को भारत के 77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर एक भव्य, अनुशासित एवं प्रेरणादायक समारोह का आयोजन अत्यंत हर्षोल्लास के साथ किया गया। इस गरिमामय अवसर पर सुभाष धमीजा, प्रबंधन कमेटी के सदस्य जसवंत जैन, कॉलेज प्रबंधन कमेटी के अध्यक्ष डॉ. गुरदेव सिंह, के. जी. एस. भलाया, आलोक गुप्ता, प्रेम सागर, ब्रिगेडियर डॉ. राहुल त्रेहान, सी. एस. सेठी, देव स्वरूप माथुर तथा कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रोहित दत्त विशेष रूप से उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि डॉ. सुभाष धमीजा ने अपने संबोधन में गांधी मेमोरियल नेशनल कॉलेज के विद्यार्थियों को अत्यंत अनुशासित, कर्तव्यनिष्ठ एवं प्रेरणादायक बताया। उन्होंने कॉलेज प्रबंधन समिति, प्राचार्य डॉ. रोहित दत्त एवं समस्त शिक्षकगण की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि कॉलेज में स्थापित अनुशासनात्मक वातावरण विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने यह भी कामना व्यक्त की कि संस्थान में विकसित यह अनुशासन शैक्षणिक परिसर तक सीमित न रहकर प्रत्येक नागरिक के व्यक्तिगत एवं सामाजिक जीवन का अभिन्न अंग बने, जिससे एक सशक्त, संगठित एवं जिम्मेदार राष्ट्र का निर्माण संभव हो सके। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रोहित दत्त ने अपने संदेश में संस्थान की शैक्षणिक उपलब्धियों, सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों तथा अनुशासन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय, जिम्मेदार एवं जागरूक भूमिका निभाने का आह्वान किया।
गांधी मेमोरियल नेशनल कॉलेज में गरिमामय ढंग से मनाया गया 77वां गणतंत्र दिवस



