हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिढ़ा डॉ. स्वामी श्री सदानंद जी महाराज के सानिध्य में नेशनल हाइवे-9 बाईपास फतेहाबाद में संचालित सद्गुरू कृपा अपना घर मंगल राधिका सदानंद सेवा धाम में पहुंचे। आश्रम आगमन पर आश्रम के मुख्य सेवादार विनोद तायल व अशोक भुक्कर ने उनका स्वागत किया। इस अवसर पर उनके साथ बीजेपी जिलाध्यक्ष प्रवीण जोड़ा व नगरपरिषद के पूर्व प्रधान दर्शन नागपाल भी मौजूद रहे। इस अवसर पर डॉ. कृष्ण मिढ़ा ने पूरे आश्रम का अवलोकन किया और वहां दी जा रही सेवाओं व सुविधाओं का जायजा लिया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के जन्मदिन को यादगार बनाने के लिए श्री कृष्ण प्रणामी गौवंश अनुसंधान संस्थान एवं गौ हॉस्पिटल में उन्होंने सवामणी लगाते हुए हरे चारे का केक काटकर मुख्यमंत्री की दीर्घायु व स्वस्थ जीवन की कामना की। इस पुनीत अवसर पर आश्रम की सेवा भावना से प्रभावित होकर डॉ. कृष्ण मिढ़ा ने 5 लाख रुपये की राशि देने की घोषणा की। उन्होंने भावुक होते हुए कहा, यहाँ आकर मन को असीम शांति और खुशी मिली है। वास्तव में यहाँ ‘नर सेवा ही नारायण सेवा’ के संकल्प को चरितार्थ किया जा रहा है। कार्यक्रम के अंत में सद्गुरू कृपा अपना घर आश्रम की ओर से डिप्टी स्पीकर को शॉल ओढ़ाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर नरेन्द्र सिंगला, व्यापार मंडल प्रधान जगदीश भादू, अनिल असीजा, सुखदेव कालापीला, सुरेन्द्र मित्तल, श्रीराम सेवा समिति धर्मपाल बुढलाडिया, सरपंच प्रतिनिधि हेमराज शाक्य सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।