पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धांत जैन, आईपीएस के दिशा-निर्देशन में फतेहाबाद ट्रैफिक पुलिस द्वारा ध्वनि प्रदूषण के विरुद्ध सख्त अभियान चलाया गया। इस विशेष अभियान के तहत शहरभर में मॉडिफाइड बुलेट साइलेंसर एवं अवैध हाई डेसिबल हॉर्न के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 25 अवैध साइलेंसर और 10 तेज़ ध्वनि वाले हॉर्न जब्त कर मौके पर ही बुलडोज़र द्वारा नष्ट कर दिए।

            यह कार्रवाई ट्रैफिक प्रभारी उप निरीक्षक जयसिंह के नेतृत्व में की गई। उन्होंने बताया कि इस प्रकार के संशोधित साइलेंसर और हॉर्न न केवल ध्वनि प्रदूषण फैलाते हैं, बल्कि आम नागरिकों को मानसिक तनाव, असहजता और भय की स्थिति का सामना करना पड़ता है।

*एसपी की कड़ी चेतावनी*

          *पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धांत जैन, आईपीएस ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि—*

“वाहनों में ऐसे अवैध तकनीकी संशोधन किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं हैं। यदि कोई वाहन चालक मॉडिफाइड साइलेंसर, उच्च ध्वनि वाले हॉर्न अथवा अन्य गैरकानूनी उपकरण लगाकर पाया गया, तो उसके विरुद्ध भारी जुर्माना, वाहन की जब्ती और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”

*जनहित में अपील*

          पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील की कि वे यातायात नियमों का पूर्णतः पालन करें, और बिना अनुमति वाहन में किसी प्रकार का तकनीकी या ध्वनि संबंधी परिवर्तन न करें। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि नशे की हालत में वाहन न चलाएं, तथा सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता दें।

*उन्होंने यह भी स्पष्ट किया:*

        “पुलिस का उद्देश्य केवल चालान काटना नहीं, बल्कि एक सुरक्षित, शांति-पूर्ण और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है।”

*नागरिकों से सहयोग की अपील*

         फतेहाबाद पुलिस ने सभी नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे जिम्मेदार नागरिक बनें, नियमों का पालन करें, और सड़क सुरक्षा बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। पुलिस प्रशासन का यह प्रयास केवल क़ानून का पालन कराने हेतु नहीं, बल्कि जनस्वास्थ्य और सामाजिक हितों की रक्षा हेतु है।