फतेहाबाद। हाईकोर्ट के आदेश अनुसार सभी विभागों के कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने, पुरानी पेंशल बहाल करने सहित अन्य मांगों को लेकर सर्व कर्मचारी संघ के आह्वान पर सैंकड़ों कर्मचारियों ने सोमवार को उपायुक्त कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन जिलेभर से विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने भाग लिया और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के बाद उपायुक्त को हरियाणा सरकार के नाम ज्ञापन सौंपा गया वहीं 12 फरवरी को होने वाली राष्ट्रव्यापी हड़ताल का भी नोटिस दिया। प्रदर्शन की अध्यक्षता जिला प्रधान सुरजीत दुसाद ने की व संचालन जिला सचिव रामनिवास शर्मा ने किया।
प्रदर्शन को सम्बोधित करते हुए राज्य महासचिव कृष्ण नैन व नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष रमेश तुषामड़ ने कहा कि सवा लाख अनियमित कर्मचारी, शिक्षक—गेस्ट टीचर, कौशल कर्मचारी/टीचर, आरोही स्कूल टीचर, वर्क एजुकेशन इंस्ट्रक्टर, कंप्यूटर टीचर, लैब अटेंडेंट आदि पिछले 10 से 20 वर्षों से दायित्व संभाले हुए हैं, लेकिन आज भी उन्हें न नियमित वेतन मिला है, न सेवा-सुरक्षा, न ही किसी तरह के भत्ते मिलते हैं और न ही पेंशन। आज हरियाणा के तमाम महकमे गंभीर संकट से गुजर रहे है। जहां वर्षों से सेवाएं दे रहे क कर्मचारी आज भी अस्थायी, कच्चे और शोषणकारी ढांचे में काम करने को मजबूर हैं। उन्होंने बताया कि पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने 23 दिसंबर व 31 दिसंबर, 2025 को स्पष्ट, तर्कपूर्ण और ऐतिहासिक फैसलों में 1993, 1996, 2003 व 2011 की नीतियों के तहत पात्र कच्चे कर्मचारियों को नियमित करने के आदेश दिए हैं। इसके साथ ही न्यायालय ने 10 वर्ष की सेवा पूरी कर चुके कर्मचारियों को पद सृजित कर नीति बनाकर पक्का करने के लिए भी कहा है। इसके बावजूद हरियाणा सरकार आदेशों को लागू करने के बजाय कभी डबल बेंच तो कभी सुप्रीम कोर्ट का बहाना बनाकर टालमटोल की नीति अपना रही है, जो न्यायालय की भावना के विपरीत है। उन्होंने चेतावनी के स्वर में कहा कि यदि सरकार ने समय रहते हाईकोर्ट के फैसलों को शिक्षकों व शिक्षा स्टाफ पर लागू नहीं किया, तो आने वाले समय में 12 फरवरी की हड़ताल करके और मांग मुद्दों को लेकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
इस अवसर पर सकसं के पूर्व जिला प्रधान भूप सिंह भड़ोलांवाली, बिजली बोर्ड यूनिट के प्रधान अमित शर्मा, नगर पालिका कर्मचारी संघ के जिला प्रधान विजय ढाका, अध्यापक संघ के जिला प्रधान राजपाल मिताथल, सचिव देशराज माचरा, रिटायर कर्मचारी संघ से जोगिंदर सिंह भ्याना, मास्टर रघुनाथ मेहता, हरि किशन लाल कंबोज, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संघ से विनोद कुमार, मिड डे मील वर्कर यूनियन की जिला प्रधान गगनदीप कौर, ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के जिला प्रधान सुनील कुमार, पटवार एवं कानूनगो सुरेश कुमार, मास्टर देवीलाल, कृष्ण चमार खेड़ा, इंद्र घासी, पूनम रानी राज्य सचिव अध्यापक संघ, विष्णु बिश्नोई बिजलीबोर्ड, संजय कुमार, प्रदीप कुमार प्रधान सिचाई विभाग, कुलदीप कुमार, विरेंद्र कुमार भट्टू प्रधान सहित काफी कर्मचारियों ने भाग लिया।