अंबाला। एक्स पुलिस आफिसर्ज / सोशल वेलफेयर एसोसिएशन, अंबाला की मासिक बैठक वीरेंद्र कुमार, सेवानिवृत्त डीएसपी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में उपस्थित सदस्यों ने सरकार से विभिन्न लंबित मांगों को शीघ्र पूरा करने की अपील की। एसोसिएशन के सदस्यों ने मांग उठाई कि कोरोना काल के दौरान रुके 18 माह के डीए (महंगाई भत्ता) की बकाया राशि तुरंत जारी की जाए। पेंशनरों की पेंशन कम्यूटेशन की अवधि 15 साल से घटाकर 12 साल की जाए। बैठक में यह भी मांग रखी गई कि पेंशनरों एवं उनके आश्रितों के सभी प्रकार की बीमारियों के इलाज के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा तुरंत लागू की जाए। इसके अतिरिक्त पेंशनरों को 60, 65, 70, 75 एवं 80 वर्ष की आयु पूर्ण करने पर क्रमश: 5-5 प्रतिशत अतिरिक्त वृद्धि प्रदान की जाए। सदस्यों ने बताया कि यह व्यवस्था पंजाब एवं हिमाचल प्रदेश में पहले से लागू है। एसोसिएशन ने यह भी मांग की कि जो कर्मचारी 30 जून को सेवानिवृत्त हुए हैं, उन्हें 1 जुलाई से वार्षिक वेतनवृद्धि (इंक्रीमेंट) का लाभ दिया जाए। बैठक में सेवानिवृत्त डीएसपी टेकन राज, विजय कुमार मेहता (निरीक्षक), लक्ष्मी चंद, राजेंद्र कौशिक (पूर्व प्रधान), विनोद कुमार, रणधीर सिंह, राजेंद्र कुमार, बलविंदर सिंह, महेश कुमार, राजपाल सिंह (जॉइंट सेक्रेटरी), बलदेव कृष्ण, देशराज, अशोक कुमार, सिकंदर राणा, मदन सिंह राणा, कुलदीप चंद, चंद्रपाल, रामचंद्र सहित लगभग 40 सदस्यों ने भाग लिया। अंत में सभी सदस्यों ने एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं एवं मुबारकबाद दी तथा सौहार्द और भाईचारे के साथ त्योहार मनाने का संदेश दिया। सभी सदस्यों ने एकमत से कहा कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में आगे की रणनीति बनाई जाएगी।