संयुक्त किसान मोर्चा के राष्ट्रीय आह्वान के तहत, भुना में किसान सभा द्वारा केंद्र व राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ जबरदस्त विरोध प्रदर्शन किया गया। मोटरसाइकिल और गाडिय़ों के काफिले के साथ किसानों ने अपनी मांगों को लेकर रोष मार्च निकाला। यह विरोध मार्च बिजली घर के पास स्थित शहीद चंद्रशेखर आजाद भवन, किसान सभा कार्यालय से शुरू हुआ। किसानों का यह जत्था हाथों में झंडे लिए पुराने बाजार और खैरी चौक से होते हुए तहसील परिसर पहुंचा। पूरे रास्ते में किसान सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते नजर आए। तहसील पहुंचकर किसानों ने अपना रोष प्रकट करते हुए स्मार्ट मीटरों और बिजली बिलों की प्रतियों को आग के हवाले कर दिया। किसान नेताओं ने मंगलवार को क्षेत्र में हुई ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान की तुरंत गिरदावरी करवाने की मांग की है। किसान नेता एवं पूर्व जिला पार्षद रामस्वरूप ढाणी गोपाल ने कहा कि स्मार्ट मीटर के नाम पर आम जनता और किसानों का शोषण किया जा रहा है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रदर्शन के अंत में किसान दोबारा चंद्रशेखर आजाद भवन पहुंचे, जहाँ सभा को संबोधित करते हुए नेताओं ने आगामी 12 फरवरी की देशव्यापी हड़ताल को सफल बनाने की अपील की। किसान नेताओं ने आम जनता से 12 फरवरी की हड़ताल में सहयोग की अपील करते हुए कह कि उस दिन बाजार से किसी भी प्रकार के माल की खरीद-बिक्री न करें। किसानों को बीज बिल और अन्य जनविरोधी नीतियों के खिलाफ एकजुट होकर संघर्ष करना होगा।
भुना में किसान सभा का जोरदार रोष मार्च, स्मार्ट मीटरों की प्रतियां जलाकर किया विरोध



