खिलाडिय़ों की खान भिवानी में सरकार की उदासीनता से खिलाड़ी खेल सुविधाओं से वंचित हैं। ना यहां उचित खेल परिसर है और ना ही खेल का सामान है। यहां के भीम स्टेडियम में वर्ष 2018 में तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने मल्टीपर्पज हॉल बनाने की घोषणा की थी। घोषणा के छह साल बीत जाने के बाद भी मल्टीपर्पज हॉल बनाने की योजना एक कदम भी नहीं चल पाई है। यह कहना है कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक बुवानीवाला का। उन्होंने कहा कि भिवानी जिला के खिलाड़ी पूरे हरियाणा में सबसे अधिक मेडल जीतकर आते हैं। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेलों में यहां के खिलाडिय़ों का दबदबा रहता है। खिलाड़ी अपनी मेहनत से जिले का नाम रोशन करते रहे हैं। इसके बावजूद यहां खिलाडिय़ों को सुविधाएं देने में सरकार कोई दिलचस्पी नहीं दिखाती।