अंबाला। अंबाला छावनी स्थित रिवरसाइड डीएवी पब्लिक स्कूल में कक्षा दसवीं एवं बारहवीं के विद्यार्थियों के लिए आयोजित आशीर्वाद समारोह एक अत्यंत भावनात्मक, आध्यात्मिक और प्रेरणादायक अनुभव बन गया। बोर्ड परीक्षाओं की दहलीज पर खड़े विद्यार्थियों की सफलता, मानसिक दृढ़ता और आत्मिक शांति के लिए यह आयोजन विशेष रूप से समर्पित रहा। समारोह का शुभारंभ सामूहिक प्रार्थना से हुआ, जिसकी मधुर स्वर-लहरियों ने पूरे परिसर को सकारात्मक ऊर्जा और आध्यात्मिक शांति से भर दिया। इसके उपरांत विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. सीमा दत्त ने विद्यार्थियों को परीक्षा-कालीन तनाव से मुक्त रहने, मानसिक संतुलन बनाए रखने तथा सीबीएसई के दिशा-निदेर्शों के अनुरूप प्रभावी अध्ययन एवं समय प्रबंधन के महत्वपूर्ण सूत्र बताए। उनके शब्द विद्यार्थियों के मन में आशा, विश्वास और आत्मबल का संचार कर रहे थे। वैदिक मंत्रोच्चारण की दिव्य गूँज के साथ सम्पन्न हुए हवन यज्ञ ने वातावरण को और भी पावन बना दिया। शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने एक साथ यज्ञ में आहुति देकर विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य, सफलता और मानसिक सशक्तिकरण की कामना की। यह पवित्र अनुष्ठान छात्रों के हृदय में शांति, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच की लौ प्रज्ज्वलित कर गया। इस अवसर पर प्रधानाचार्या डॉ. सीमा दत्त ने नर्सरी से कक्षा बारहवीं तक विद्यालय में अध्ययनरत रहे विद्यार्थियों को लाइफर सम्मान से अलंकृत कर उनके समर्पण, अनुशासन और निरंतरता की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए भावपूर्ण शब्दों में कहा सफलता आत्मविश्वास, अनुशासन और सतत अभ्यास का परिणाम होती है। परीक्षा जीवन की यात्रा का केवल एक पड़ाव है, जिसे सही दिशा, धैर्य और परिश्रम से सहजता से पार किया जा सकता है। स्वयं पर विश्वास रखें, लक्ष्य पर केंद्रित रहें—सफलता निश्चित ही आपके कदम चूमेगी। कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों ने अपने गुरुओं का आशीर्वाद प्राप्त किया तथा भावनात्मक वातावरण में अपने प्रवेश पत्र ग्रहण किए। यह क्षण अत्यंत मार्मिक था—कई आँखें नम थीं, किंतु हर चेहरे पर आत्मविश्वास, आशा और दृढ़ संकल्प की चमक स्पष्ट झलक रही थी। यह आशीर्वाद समारोह केवल परीक्षा-पूर्व आयोजन नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के मन में सकारात्मक ऊर्जा, आत्मबल और सफलता के विश्वास को दृढ़ करने वाला एक अविस्मरणीय एवं प्रेरणादायक अनुभव बन गया।
रिवरसाइड डीएवी स्कूल में बोर्ड विद्यार्थियों के लिए आशीर्वाद समारोह



